Kishtwar: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के छात्रू क्षेत्र में बादल फटने की घटना से अफरा-तफरी मच गई। अचानक आए तेज बहाव और मलबे की चपेट में आने से कुछ वाहन बह गए, जबकि कई जगहों पर संपत्तियों को नुकसान पहुंचने की सूचना है। प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
बादल फटने के बाद क्षेत्र में पानी और मलबे का तेज बहाव देखने को मिला, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। हालांकि राहत की बात यह है कि अभी तक किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान या किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं मिली है। घटना को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए छात्रू–किश्तवाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया है। लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें।
सभी स्कूल बंद रखने का आदेश-
लगातार खराब मौसम और बादल फटने की घटना को देखते हुए जिला प्रशासन ने किश्तवाड़ जिले के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। अधिकारियों ने बताया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैयारियां जारी हैं। मौसम में सुधार और मार्ग की स्थिति सामान्य होने के बाद ही यातायात बहाल करने पर फैसला लिया जाएगा।