USA: कैरेबियाई सागर में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाली संदिग्ध नाव पर अमेरिकी हमला

USA: अमेरिकी सेना ने कैरेबियाई सागर में संदिग्ध रूप से मादक पदार्थों की तस्करी के लिए इस्तेमाल होने वाली एक नौका पर हमला किया, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई।

ये कार्रवाई लातिन अमेरिका में कथित मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ ट्रंप प्रशासन के करीब एक साल से जारी अभियान का हिस्सा है। इस हमले के साथ सितंबर 2025 से अमेरिकी सेना द्वारा ऐसी नौकाओं पर किए गए 70 हमलों में मारे गए लोगों की संख्या कम से कम 235 हो गई है।

‘यूएस सदर्न कमांड’ ने कहा कि नौका को मादक पदार्थों की तस्करी के ज्ञात मार्ग पर निशाना बनाया गया। हालांकि, सेना ने ये साबित करने के लिए कोई सबूत नहीं दिया कि नौका में मादक पदार्थ ले जाए जा रहे थे। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किए गए वीडियो में चलती हुई एक नाव को विस्फोट में नष्ट होते दिखाया गया। सेना ने इसे तेज गति से चलने वाली नाव बताया है।

ट्रंप प्रशासन लातिन अमेरिका के कई देशों में जमीनी अभियान का विस्तार करने के लिए सहयोगी देशों के साथ समझौते भी कर रहा है। रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा है कि कोलंबिया, ग्वाटेमाला और होंडुरास ने अमेरिकी सेना के साथ संयुक्त अभियान की अनुमति देने पर सहमति जताई है, हालांकि ग्वाटेमाला ने इससे इनकार किया है।

इक्वाडोर ने मार्च में अमेरिका के साथ इसी तरह के अभियान शुरू किए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *