Russian: रूस ने रातभर यूक्रेन की राजधानी कीव और आसपास के इलाकों में कई मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया, अधिकारियों ने बताया कि कई घंटे चले इस हवाई हमले में कम से कम 16 लोगों की मौत हुई है।
रूस की सेना ने हाल के महीनों में कीव पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमले तेज कर दिए हैं। इसका एक मुख्य कारण यूक्रेन के पास अमेरिका निर्मित पैट्रियाट हवाई रक्षा मिसाइलों की लगातार हो रही कमी है। यूक्रेन के पास ये एकमात्र ऐसा हथियार है, जो बैलिस्टिक मिसाइलों को मार गिराने में सक्षम है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कई देशों से और अधिक पैट्रियाट मिसाइलें भेजने की अपील की है। हालांकि, ईरान युद्ध और रूस के खिलाफ यूक्रेन की चार साल से अधिक समय से जारी युद्ध के कारण इन मिसाइलों के अंतरराष्ट्रीय भंडार में काफी कमी आई है। यूक्रेन की वायुसेना ने बताया कि रातभर जारी रहे रूस के हमले में क्रूज मिसाइलों के साथ तेज गति से उड़ने वाले ड्रोन भी शामिल थे, जिससे वायु रक्षा प्रणाली पर दबाव और बढ़ गया।
वायुसेना के अनुसार, कीव हमले का मुख्य निशाना था, लेकिन देशभर में 28 जगहों पर हमले हुए। जेलेंस्की ने बताया कि करीब 40 लोग घायल हुए हैं। हवाई हमले की चेतावनी सुबह होने के बाद तक जारी रही। रूस के रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार सुबह बताया कि वायु रक्षा बलों ने रातभर देश के कई क्षेत्रों, रूस के कब्जे वाले क्रीमिया और काला सागर और आजोव सागर के ऊपर यूक्रेन के 726 ड्रोन मार गिराए। ये युद्ध शुरू होने के बाद यूक्रेन के सबसे बड़े हवाई हमलों में से एक था।
अधिकारियों ने बताया कि हमले में कीव के दारनित्स्की, स्वियातोशिन्स्की और सोलोमियांस्की जिलों में 12 जगहों को निशाना बनाया गया। इसमें आवासीय इमारतों, एक चिकित्सा केंद्र और एक शैक्षणिक संस्थान को नुकसान पहुंचा। आपातकालीन दलों ने मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला। अग्निशमन कर्मियों द्वारा बचाई गई अपनी बिल्ली ‘शनेल’ को गोद में लिए 60 साल की लारिसा बोंदारुक जमीन पर बैठी थीं।
उन्होंने रोते हुए बताया कि उनके पड़ोसी के पोते की मलबे के नीचे दबने से मौत हो गई। लारिसा का भी मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।