Paris: पेरिस पुलिस ने फ्रांस की राजधानी के दो इलाकों में रात भर का कर्फ्यू लगा दिया, पिछले कुछ सालों में फ्रांस के सबसे भीषण दंगों के बाद, जिसमें सिटी हॉल, दूसरी सार्वजनिक इमारतों और देश भर में हजारों व्यवसायों को निशाना बनाया गया था। पेरिस पुलिस के बयान में कहा गया है कि सोमवार को जारी आदेश का मकसद “लोगों और संपत्ति को हिंसा और लूटपाट से बचाना” है।
कर्फ्यू के तहत ‘प्लेस डे ला रिपब्लिक’ (जहां शनिवार को दंगे हुए थे) और ‘लेस हालेस’ (जो खरीदारी का इलाका है और जहां लूटपाट हुई थी) में किसी के भी आने या रुकने पर रोक लगा दी गई है। पेरिस पुलिस ने बताया कि सोमवार रात 11 बजे से मंगलवार सुबह छह बजे तक कर्फ्यू लागू रहेगा। इसके अलावा, रात आठ बजे से लोगों के एकत्र होने और प्रदर्शन करने पर भी रोक लगा दी गई है।
इससे पहले प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू ने “बहुत सीमित” और “स्थानीय स्तर पर” कर्फ्यू लगाने की बात कही थी। उत्तरी फ्रांस में, लिले समेत कई शहरों में स्थानीय प्रशासन ने 18 साल से कम उम्र के बच्चों और किशोरों के लिए कर्फ्यू लगा दिया है। ये कर्फ्यू सोमवार से शुरू होकर अगले दो दिनों तक, रात आठ बजे से सुबह छह बजे तक लागू रहेगा। फ्रेंच रिविएरा के नीस शहर में भी नाबालिगों के लिए रात नौ बजे से कर्फ्यू लगा दिया गया है।
लेकोर्नू ने अशांति को संभालने के पुलिस के तरीके का बचाव करते हुए कहा, “भारी हिंसा और संपत्ति को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचने के बावजूद, किसी की जान नहीं गई और ये एक चमत्कार है।” उन्होंने बताया कि मेयरों के साथ बातचीत के बाद, सोमवार को बाद में कर्फ्यू से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
फ्रांस में होने वाले बड़े विरोध प्रदर्शनों में अक्सर शांतिपूर्ण मार्च के दौरान कुछ उपद्रवी हिंसा फैला देते हैं, जिससे पुलिस के साथ झड़पें हो जाती हैं। अशांति ने उन दंगों की याद दिला दी, जो 2023 में पुलिस की गोली से एक किशोर की मौत के बाद भड़के थे—तब प्रशासन को कई इलाकों में कर्फ्यू लगाना पड़ा था। साथ ही, इसने 2018 में ईंधन की कीमतों और व्यापक आर्थिक समस्याओं को लेकर शुरू हुए ‘येलो वेस्ट’ आंदोलन के दौरान हुई हिंसा की भी याद ताजा कर दी।