Nepal floods: नेपाल में फंसे या लापता तमिलनाडु के 106 पर्यटकों में से तीन लोग तेनी के एक ही परिवार के हैं। तेनी जिले के कोडंगिपट्टी के रहने वाले सेल्वम, उनकी पत्नी चित्रादेवी और उनकी मां सरस्वती 14 अगस्त को नेपाल गए थे। वे 49 लोगों के एक ग्रुप के साथ कैलाश यात्रा पर गए थे।
उनके बारे में जानकारी पाने के लिए, सेल्वम के दोस्त वीरकुमार ने गुरुवार को तेनी कलेक्ट्रेट में अर्जी दी। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, “उन्हें आज लौटना था लेकिन हम उनसे कोई संपर्क नहीं कर पा रहे हैं।”
वीरकुमार ने आगे कहा, “हमारी उनसे आखिरी बार मंगलवार को बात हुई थी, जिसके बाद उनसे हमारा संपर्क टूट गया। आज हम कलेक्टर को अर्जी देकर उनके बारे में जानकारी मांगने आए हैं। उन्होंने (अधिकारियों ने) उन्हें ढूंढने और हमें बताने का वादा किया है। हम राज्य और केंद्र सरकार से अनुरोध करते हैं कि जल्द से जल्द उनके बारे में जानकारी हासिल करें।”
तमिलनाडु सरकार ने गुरुवार को कहा कि वह नेपाल में भयानक बाढ़ के कारण फंसे राज्य के लोगों के बचाव कार्य पर नजर रख रही है और चेन्नई से गए अन्य 49 लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
स्कूल शिक्षा और सूचना एवं प्रचार मंत्री ए. राजमोहन ने कहा कि राज्य सरकार हर घंटे तीर्थयात्रियों के बचाव और उनकी स्थिति पर नज़र रख रही है और अभी काठमांडू के रास्ते बचाए गए 20 लोगों को वापस लाने की कोशिशें चल रही हैं।