America: ट्रंप प्रशासन की तरफ से लगाए गए टैरिफ को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट की तरफ से रद्द किए जाे के बाद अब ट्रंप प्रशासन नई आर्थिक रणनीति पर काम कर रहा है, माना जा रहा है कि कुछ देशों पर फिर से नए टैरिफ लगाए जा सकते हैं।
ट्रंप प्रशासन की नई कोशिश इस बात की जांच पर केंद्रित है कि क्या विदेशी देश अपने व्यवसायों को लाभ पहुंचाने के लिए उन व्यापार प्रथाओं का उपयोग कर रहे हैं, जिसे अमेरिका गलत मानता है।
जांच में सरकारी सब्सिडी, अतिरिक्त औद्योगिक क्षमता और कम मजदूरी को बनाए रखने वाली नीतियों जैसे कारकों पर गौर किया जाएगा। जिन देशों की समीक्षा की जा रही है उनमें भारत, चीन, यूरोपीय संघ और जापान शामिल हैं।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद, अमेरिकी प्रशासन ने विदेशी निर्मित वस्तुओं पर 10 फीसदी टैरिफ लगाया था, लेकिन यह टैरिफ 24 जुलाई को 150 दिनों के बाद समाप्त हो जाएगा। ट्रंप ने टैरिफ बढ़ाकर 15% करने की योजना बताई थी, लेकिन उन्होंने अभी तक ऐसा नहीं किया है।
अधिकारियों का कहना है कि जांच 150 दिनों की समय सीमा के भीतर पूरी होने की उम्मीद है, ताकि राष्ट्रपति के समक्ष जल्द से जल्द “संभावित विकल्प” पेश किए जा सकें।