America: अमेरिका में मेटा पर अपने प्लेटफॉर्म पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर हजारों मुकदमे चल रहे हैं, लेकिन उनमें से कोई भी उस मुकदमे से ज्यादा अहम नहीं हो सकता, जिसकी सुनवाई इस हफ्ते कैलिफोर्निया में शुरू हो रही है। अमेरिका के राज्य भारी-भरकम वित्तीय हर्जाने की मांग कर रहे हैं, जो सैद्धांतिक रूप से कुल मिलाकर 1.4 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर तक हो सकता है और साथ ही वे कंपनी के फेसबुक और इंस्टाग्राम चलाने के तरीके में बदलाव की भी मांग कर रहे हैं।
इस मुकदमे में सोशल मीडिया की दिग्गज कंपनी पर आरोप लगाया गया है कि उसने जान-बूझकर ऐसे फीचर बनाए, जिनसे बच्चे उसके प्लेटफॉर्म के आदी हो जाते हैं और इस तरह वो युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य को खराब कर रही है। इसमें ये भी दावा किया गया है कि मेटा संघीय कानून का उल्लंघन करते हुए अक्सर 13 साल से कम उम्र के बच्चों का डेटा उनके माता-पिता की सहमति के बिना इकट्ठा करती है।
मेटा पर दर्जनों राज्यों ने तीन साल पहले ये मुकदमा दायर किया था। कैलिफोर्निया के ओकलैंड में संघीय न्यायालय में मंगलवार को शुरू होने वाले मुकदमे में चार राज्यों, जिनमें कैलिफोर्निया, कोलोराडो, केंटकी और न्यू जर्सी वादी के तौर पर शामिल हैं। बाकी 25 राज्यों के मुकदमे बाद में होने की उम्मीद है।
मेटा ने कहा कि वो इन आरोपों को नहीं मानती है और ट्रायल के दौरान पेश किए जाने वाले सबूत युवाओं की मदद करने के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दिखाएंगे। कंपनी ने एक बयान में कहा, “हमने माता-पिता की बात सुनी है, विशेषज्ञों और कानून लागू करने वाली एजेंसियों के साथ मिलकर काम किया है और उन मुद्दों को समझने के लिए गहराई से शोेध किया है, जो सबसे अधिक मायने रखते हैं।”
मुकदमें में मेटा के लिए दांव पर बहुत कुछ लगा है, क्योंकि इस साल बच्चों और किशोरों को हुए नुकसान से जुड़े दो अहम केस वो पहले ही हार चुकी है, पिछले महीने कंपनी के मुनाफे में भारी गिरावट देखी गई, जिसकी एक वजह 2.4 अरब अमेरिकी डॉलर का कानूनी खर्च था।