Panchayat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत‘ के चर्चित किरदार ‘बिनोद’ यानी अभिनेता अशोक पाठक के बीच हुई दिलचस्प बातचीत ने सोशल मीडिया पर धूम मचा दी है।पीएम मोदी ने अशोक पाठक और अभिनेता दुर्गेश कुमार से गर्मजोशी से मुलाकात की।
इस दौरान माहौल हंसी-मजाक और आत्मीयता से भर गया। वायरल हो रहे वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी कलाकारों का अभिवादन करते हुए मजाकिया अंदाज में पूछते नजर आए, “पंचायत सुनता है कि नहीं सुनता है” पीएम की यह टिप्पणी सुनकर वहां मौजूद सभी लोग मुस्कुरा उठे और देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस मुलाकात की एक झलक अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी साझा की। पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा, “बिनोद से कुछ बातें…”। पीएम का यह कैप्शन भी लोगों को खूब पसंद आ रहा है।
गौरतलब है कि TVF द्वारा निर्मित ‘पंचायत’ भारत की सबसे लोकप्रिय वेब सीरीज में से एक है। साल 2020 में शुरू हुई इस सीरीज ने ग्रामीण भारत की सादगी, जमीनी कहानियों और यादगार किरदारों के दम पर दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है।
अब तक इसके चार सफल सीजन रिलीज हो चुके हैं और दर्शकों को इसके पांचवें सीजन का बेसब्री से इंतजार है। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी और ‘पंचायत’ की टीम की यह मुलाकात प्रशंसकों के लिए किसी खास तोहफे से कम नहीं रही।
जब पीएम मोदी की पंचायत वेब सीरीज़ के सुप्रसिद्ध कलाकार बिनोद से हुई मुलाकात…
सुनिए, मोदी जी ने क्या कहा… pic.twitter.com/hlYoRXlqvE
— BJP (@BJP4India) June 23, 2026