Mushtaq Khan: “वेलकम”, “गदर” और “हम हैं राही प्यार के” जैसी हिट फिल्मों समेत 500 से ज्यादा फिल्मों में यादगार किरदार निभाने वाले अभिनेता मुश्ताक खान का कैंसर से निधन हो गया है। उनके बेटे मोहसिन ने ये जानकारी दी, वे 75 साल के थे।
उन्हें करीब दो हफ्ते पहले मुंबई के नानावटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके बेटे मोहसिन ने पीटीआई वीडियो को बताया, “शाम करीब सात बजे नानावटी अस्पताल में कैंसर की वजह से उनका निधन हो गया। उन्हें पेट दर्द की शिकायत थी। हम उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों को पता चला कि उन्हें कैंसर है। पिछले कुछ दिनों में उनकी तबीयत काफी बिगड़ गई थी।”
उन्होंने कहा, “वे बिल्कुल ठीक थे। उन्हें कोई बड़ी समस्या नहीं थी। अस्पताल में भर्ती होने से पहले वे सलमान खान के बॉडीगार्ड शेरा के बेटे की डेब्यू फिल्म की शूटिंग कर रहे थे।”
पांच दशक लंबे करियर में, खान ने 500 से ज्यादा फिल्मों में काम किया और अपने सपोर्टिंग किरदारों से काफी लोकप्रियता हासिल की। उनकी कुछ फिल्मों में “आशिकी”, “दिल है कि मानता नहीं”, “साथी”, “सड़क”, “जुनून”, “गुनाह”, “सर”, “गदर”, “वेलकम”, “गदर 2” आदि शामिल हैं।
खान को शुक्रवार को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं।