Koffee With Karan: “मेरे साथ एक आखिरी कप कॉफी पी लीजिए”, करण जौहर ने ‘कॉफी विद करण’ के आखिरी सीजन का किया ऐलान

Koffee With Karan: करण जौहर ने ‘कॉफी विद करण’ के आखिरी सीजन का किया ऐलान, 14 अक्टूबर से Jio Hotstar पर स्ट्रीम होगा. फिल्ममेकर करण जौहर ने अपने लोकप्रिय टॉक शो ‘कॉफी विद करण’ के आखिरी सीजन का ऐलान कर दिया है। भावुक संदेश के जरिए करण ने इस शो की शुरुआत से लेकर अब तक के सफर को याद किया और बताया कि अब वह इस यात्रा को विराम देने जा रहे हैं।

साल 2004 में शुरू हुए इस चर्चित चैट शो ने भारत के कई बड़े सितारों को एक मंच पर लाया। शो के दौरान रिश्तों, शोहरत, महत्वाकांक्षा और सेलिब्रिटी लाइफ से जुड़े कई पहलुओं पर खुलकर बातचीत हुई। इसके अलग-अलग सीजन ने दर्शकों को कई सुर्खियां, मीम्स, बहस और यादगार पल दिए।

अब करण जौहर ने इस सफर को आखिरी बार आगे बढ़ाने का फैसला किया है। भावुक घोषणा में उन्होंने शो से जुड़ी विवादों, अटकलों, ट्रोलिंग और चर्चाओं का जिक्र किया। साथ ही उन्होंने उस प्यार को भी याद किया, जिसकी वजह से दर्शक हर साल शो से जुड़े रहे।

अपने प्रशंसकों को संबोधित करते हुए करण जौहर ने कहा, “मुझे लगता है कि जून 2004 की बात है, जब मैंने अपने पिता से कहा था कि मैं वास्तव में एक टॉक शो होस्ट करना चाहता हूं। मैं दो सेलिब्रिटीज या सितारों को बुलाना चाहता हूं और उनके साथ अनौपचारिक, बेबाक बातचीत करना चाहता हूं। उन्होंने मेरी तरफ देखा और कहा, ‘करण, तुम अपने दोस्तों को बुलाकर उनके साथ बातें करोगे। तुम यह रोज करते हो। इसके लिए तुम्हें पैसे कौन देगा?’ उसी महीने 26 जून को उनका निधन हो गया।”

उन्होंने आगे कहा, “मैंने इसके लिए पहली बार 16 अगस्त 2004 को शूट किया था और आज आठ सीजन, 22 साल और 161 एपिसोड बाद यहां हूं। बहुत कुछ हुआ। मैंने प्रेमियों को बुलाया, दोस्तों को बुलाया, परिवारों को बुलाया, ऐसे प्रेमियों को बुलाया जो बाद में एक्स-लवर्स बन गए। उनमें से कुछ ने शादी भी कर ली। मैंने लगभग राष्ट्रीय स्तर के आइकॉन की करियर खत्म कर दिए। आज भी मैं ‘नेपोटिज्म’ शब्द के साथ जी रहा हूं। अटकलें एक तरह से राष्ट्रीय शब्द बन गईं।”

वीडियो के अंत में करण जौहर भावुक नजर आए। उन्होंने कहा, “लेकिन जो भी हुआ, मैं जानता हूं कि इस शो ने मुझे बहुत कुछ दिया है। मेरी जिंदगी में एक ऐसा वक्त आया जब मुझे एहसास हुआ कि हर अच्छी चीज का अंत होना जरूरी है। भारी मन से मुझे कहना पड़ रहा है कि यह ‘कॉफी विद करण’ का मेरा आखिरी सीजन होगा।”

उन्होंने आगे कहा, “ट्रोल होंगे, कमेंट होंगे, पोस्ट होंगे और मैं उनका सामना करने के लिए तैयार हूं। लेकिन इन सबके बीच और इनके नीचे, मैं जानता हूं कि इस एक कप कॉफी के लिए आज भी बहुत सारा प्यार है। इसलिए मेरे आखिरी सीजन में मेरे साथ जुड़िए और मेरे साथ एक आखिरी कप कॉफी पीजिए।”

Jio Hotstar ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर करण जौहर का यह वीडियो साझा किया। ‘कॉफी विद करण’ का आखिरी सीजन 14 अक्टूबर से Jio Hotstar पर स्ट्रीम होगा। शो के पिछले सीजन में Shah Rukh Khan, Amitabh Bachchan, Salman Khan, Aamir Khan, Deepika Padukone, Emraan Hashmi और Priyanka Chopra समेत कई बड़े सितारे शामिल हो चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *