Faisal Shaikh: सोशल मीडिया सेंसेशन फैसल शेख, जिन्हें मिस्टर फैसू के नाम से जाना जाता है, ने अपनी शादी का ऐलान कर फैंस को खुशखबरी दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पत्नी के साथ शादी की आधिकारिक तस्वीरें साझा करते हुए अपनी जिंदगी के इस खास पल की झलक दिखाई।
मिस्टर फैसू ने भावुक पोस्ट के जरिए बताया कि उन्होंने सऊदी अरब के पवित्र शहर मदीना में निकाह किया। इस खास मौके पर उनका पूरा परिवार उनके साथ मौजूद था। अपनी खुशी जाहिर करते हुए मिस्टर फैसू ने लिखा, “और हमने तुम्हें जोड़ों में बनाया। उन्होंने आगे लिखा, “अलहम्दुलिल्लाह, एक सपना हकीकत में बदल गया। खूबसूरत शहर मदीना में निकाह हुआ और मेरा पूरा परिवार मेरे साथ था। यह शब्दों से परे एक आशीर्वाद है।”
अपने संदेश में मिस्टर फैसू ने प्रशंसकों और शुभचिंतकों से इस नई जिंदगी की शुरुआत के लिए दुआ करने की अपील भी की। उन्होंने लिखा, “अल्लाह हमारी शादी को बेपनाह मोहब्बत और बरकत से नवाजे। आमीन।” शादी की आधिकारिक तस्वीरों के साथ की गई इस घोषणा में मदीना में निकाह करने के धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व की झलक देखने को मिली। मिस्टर फैसू सोशल मीडिया पर अपनी बड़ी फैन फॉलोइंग और युवाओं के बीच लोकप्रियता के लिए जाने जाते हैं। वह अक्सर अपनी जिंदगी से जुड़े खास पल प्रशंसकों के साथ साझा करते रहते हैं।
शादी की खबर सामने आते ही फैंस और शुभचिंतकों ने कमेंट सेक्शन में दोनों को बधाइयां और शुभकामनाएं दीं। अभिनेता प्रिंस नरूला ने कमेंट करते हुए लिखा, “बधाई हो भाई।” वहीं, अभिनेत्री रिद्धि डोगरा ने लिखा, “बहुत मुबारक, हमेशा खुश और आबाद रहें।”
शाही अंदाज में नजर आए मिस्टर फैसू और उनकी दुल्हन-
निकाह के मौके पर मिस्टर फैसू ने बारीक कढ़ाई वाली आकर्षक आइवरी रंग की शेरवानी पहनी। उनकी लंबी और सलीकेदार शेरवानी के सामने और आस्तीन पर खूबसूरत कढ़ाई की गई थी। उन्होंने अपने लुक को मैचिंग आइवरी रंग की पगड़ी के साथ पूरा किया। वहीं, उनकी दुल्हन गहरे लाल रंग के खूबसूरत ब्राइडल आउटफिट में नजर आईं। उनके परिधान पर सुनहरी कढ़ाई, फूलों की बारीक आकृतियां और आकर्षक बॉर्डर बने हुए थे। उन्होंने लाल दुपट्टे को सिर और कंधों पर पारंपरिक अंदाज में ओढ़ा था, जिस पर सुनहरे रंग की बारीक कारीगरी की गई थी।
दुल्हन ने अपने लुक को पारंपरिक सोने के गहनों से पूरा किया। उन्होंने मांग टीका, कई परतों वाला हार, सोने के झुमके और लाल-सुनहरी चूड़ियां पहनी थीं। दोनों की तस्वीरों में पारंपरिक परिधान और शाही अंदाज ने प्रशंसकों का ध्यान खींचा।