Bahubali 3: भारतीय सिनेमा की सबसे सफल फ्रेंचाइजी में से एक ‘बाहुबली’ को लेकर एक बार फिर चर्चाओं का बाजार गर्म है। हाल ही में सामने आए एक वायरल वीडियो ने फैंस के बीच ‘बाहुबली 3’ की उम्मीदों को नई उड़ान दे दी है। वीडियो में प्रभास, राणा दग्गुबाती और अनुष्का शेट्टी की मौजूदगी ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है।
क्या है वायरल वीडियो में?
दरअसल,‘बाहुबली: द टोर्चबिअरर’नाम की एक डॉक्यूमेंट्री का क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में राणा दग्गुबाती कुछ ऐसा कहते नजर आते हैं, जिसने फैंस की उत्सुकता को चरम पर पहुंचा दिया।
राणा कहते हैं, “मुझे नहीं पता कि मुझे यह बात सार्वजनिक रूप से कहनी चाहिए या नहीं, लेकिन मैं जो सोच रहा हूं, वह कह देता हूं। दुनिया शायद अभी इसके लिए तैयार नहीं है, लेकिन ‘बाहुबली’ जरूर वापस आएगी…” इतना कहकर राणा रुक जाते हैं। तभी प्रभास मुस्कुराते हुए तीन उंगलियां दिखाते हैं। यह इशारा देखते ही वहां मौजूद लोग हंस पड़ते हैं और यहीं से ‘बाहुबली 3’ की अटकलों को और बल मिल जाता है।’और यह विरासत जारी है…’वीडियो के अंत में स्क्रीन पर लिखा आता है, ‘और यह विरासत जारी है!’ इस एक लाइन ने भी फैंस के बीच नई उम्मीद जगा दी है कि शायद मेकर्स जल्द ही किसी बड़े ऐलान की तैयारी में हैं।
ऑफिशियल अनाउंसमेंट का इंतजार
हालांकि, ‘बाहुबली 3’ को लेकर अभी तक निर्माताओं या निर्देशक एस.एस. राजामौली की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। फिल्म की कहानी, शूटिंग, रिलीज डेट या इसके फॉर्मेट को लेकर भी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में फिलहाल यह सब केवल अटकलों के दायरे में ही है।
‘बाहुबली’ ने बदल दी थी भारतीय सिनेमा की तस्वीर
साल 2015 में रिलीज हुई बबाल द बिगिनिंग ने भारतीय सिनेमा में नया इतिहास रच दिया था। इसके बाद आई बाहुबली 2: द कन्क्लूजन ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ कमाई करते हुए दुनिया भर में करीब 1788 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।
ग्रैंडुअल विजुअल्स, दमदार कहानी और शानदार किरदारों ने प्रभास, राणा दग्गुबाती और अनुष्का शेट्टी को पैन-इंडिया सुपरस्टार बना दिया।
अब सबकी नजर मेकर्स पर
फिलहाल फैंस आधिकारिक घोषणा का इंतजार कर रहे हैं। वायरल वीडियो में मिले संकेतों ने उम्मीद जरूर जगा दी है, लेकिन जब तक मेकर्स की ओर से पुष्टि नहीं होती, तब तक ‘बाहुबली 3’ को लेकर कोई भी दावा करना जल्दबाजी होगी। हालांकि इतना तय है कि अगर महिष्मति की दुनिया एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौटती है, तो यह भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी घटनाओं में से एक होगी।