Durga Puja: दिल्ली का ‘मिनी-बंगाल’ दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान हर साल की तरह ही चहल-पहल से भरा हुआ है। यहां का चित्तरंजन पार्क मिनी-बंगाल के नाम से मशहूर है। इस इलाके में बनाए जा रहे कई पंडालों में से एक मशहूर काली मंदिर का पंडाल भी है। इस साल की थीम ‘नारी शक्ति’ यानी महिलाओं के सशक्तिकरण पर आधारित है।
आयोजकों का कहना है कि पंडाल का 99% हिस्सा पर्यावरण के अनुकूल सामग्री से बनाया जा रहा है। यह पिछले साल के मुकाबले एक बड़ा बदलाव है क्योंकि तब पंडाल को बनाने में थर्मोकोल और फ्लेक्स का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया गया था।
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के चित्तरंजन पार्क में दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान भारी भीड़ उमड़ती है। काली मंदिर का पंडाल श्रद्धालुओं के बीच सबसे लोकप्रिय जगहों में से एक है। आयोजकों को उम्मीद है कि यहां हर दिन एक लाख से ज्यादा लोग आएंगे।
इसे देखते हुए भीड़ को संभालने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।