Delhi NCR: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को जोरदार बारिश हुई। कई इलाकों में जलभराव हो गया और भारी ट्रैफिक जाम लग गया।
मौसम विभाग ने पहले ही दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में मध्यम से लेकर बेहद भारी बारिश होने का अनुमान जताया था। विभाग का कहना है कि शनिवार से बारिश की गतिविधियां कम हो जाएंगी।
मौसम विभाग ने ओडिशा के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट और पश्चिम बंगाल के गंगीय क्षेत्र के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, साइक्लोनिक सर्कुलेशन यानी चक्रवाती परिसंचरण की वजह से इस इलाके में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसकी वजह से जोरदार बारिश हो सकती है।
देश के दक्षिणी हिस्से की बात करें तो मौसम विभाग ने तटीय और दक्षिणी कर्नाटक में बहुत भारी बारिश का अनुमान लगाया है, जबकि केरल के कुछ हिस्सों के लिए बहुत ज्यादा भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मानसून फिर से सक्रिय हो गया है, जिससे राजधानी जयपुर समेत राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है।