Delhi NCR: दिल्ली-NCR में अगले दो दिन बारिश का अलर्ट, तापमान में आई गिरावट

Delhi NCR:  दिल्ली-एनसीआर में मानसून एक्सप्रेस ने रफ्तार पकड़ ली है, बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई। सुबह के समय ठंडी हवाओं ने मौसम को और भी खुशनुमा बना दिया। हालांकि, इस राहत के साथ कई इलाकों में जलभराव और लंबा ट्रैफिक जाम भी देखने को मिला। ऑफिस आने-जाने वाले कर्मचारियों, छात्रों और यात्रियों को घंटों जाम में फंसना पड़ा। हालांकि, बारिश का दौर सोमवार से जारी हुआ है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, बीते 24 घंटों में दिल्ली में न्यूनतम में दो-तीन और अधिकतम तापमान में एक-दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। आईएमडी के मुताबिक, सफदरजंग में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.9 डिग्री कम है। यहां बीते 24 घंटे में इसमें 9.1 डिग्री की गिरावट आई। साथ ही, न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम है। इसी तरह पालम में अधिकतम 29.6, लोधी रोड में 29.6, रिज में 28.9 और आया नगर में 29.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। सभी स्टेशनों पर तापमान सामान्य से चार से 5.7 डिग्री तक कम रहा।

दिल्ली में आने वाले दिनों में मौसम सुहावना बना रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 29 जुलाई से 3 अगस्त तक आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। ऐसे में 29 और 30 जुलाई को सुबह से दोपहर के बीच कई जगहों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है। शाम और रात के समय भी कुछ इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *