Delhi: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण की स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है, शहर की हवा ‘बेहद खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 379 रहा। राजधानी के अलग-अलग इलाकों में प्रदूषण का स्तर काफी अधिक देखने को मिला। CPCB के आंकड़ों के अनुसार, पंजाबी बाग दिल्ली का सबसे प्रदूषित क्षेत्र रहा, जहां AQI 458 दर्ज किया गया। यह स्तर वायु गुणवत्ता की ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है।
इससे पहले दिल्ली की हवा की गुणवत्ता बेहद खराब रही थी और औसत AQI 332 रिकॉर्ड किया गया था। लगातार बढ़ता प्रदूषण राजधानी के लोगों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। CPCB के निर्धारित मानकों के अनुसार, AQI को छह श्रेणियों में बांटा गया है। शून्य से 50 तक अच्छी, 51 से 100 तक संतोषजनक, 101 से 200 तक मध्यम, 201 से 300 तक खराब, 301 से 400 तक बेहद खराब और 401 से 500 तक गंभीर श्रेणी मानी जाती है।
प्रदूषण के बीच दिल्ली में मौसम का मिजाज भी सामान्य से थोड़ा अलग बना हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, बुधवार को सफदरजंग मौसम केंद्र पर न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक था।
वहीं पालम में न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 0.7 डिग्री ज्यादा है। लोधी रोड में पारा 16.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक रहा। रिज मौसम केंद्र पर न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम है।
इसके अलावा, अयानगर में न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसमी औसत से 0.4 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार सुबह 8:30 बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली के पांचों प्रमुख मौसम केंद्रों में कहीं भी बारिश नहीं हुई। ऐसे में राजधानी में प्रदूषण से राहत मिलने की उम्मीद फिलहाल कम नजर आ रही है।