Bihar: आरजेडी नेता तेजस्वी यादव हिरासत में, NEET विरोधी प्रदर्शन में निकाल रहे थे मार्च

Bihar:  बिहार में नीट प्रश्नपत्र लीक के विरोध में हालिया पुलिस कार्रवाई के खिलाफ बुधवार को मार्च निकाल रहे राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव को पटना में हिरासत में ले लिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा ने ये जानकारी दी। तेजस्वी यादव को आयकर चौराहे के पास पुलिस वाहन में ले जाया गया।

पुलिस वाहन में बैठाए जाने के दौरान तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया, ‘‘सरकार छात्रों के भविष्य को अंधकार में धकेल रही है। परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लगातार लीक हो रहे हैं।’’ बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में आरजेडी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिन में यहां जे.पी. गोलंबर से लोक भवन के लिए विरोध मार्च निकाला।

मार्च के रास्ते में लगाए गए बैरिकेड को पार करने की कोशिश कर रहे आरजेडी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने पानी की बौछार भी की। इस दौरान तेजस्वी यादव भी मौजूद थे। आरजेडी सांसद मनोज झा ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ‘‘जेन-जी की भावनाओं को समझना जरूरी है। बिहार में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ सरकार ने एके-47 राइफलों का इस्तेमाल किया और दिल्ली में ईमानदार और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली की मांग करने पर उनके खिलाफ पैलेट गन और कील लगे डंडों का इस्तेमाल किया गया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम ये मार्च इन सभी पहलुओं को बिहार के राज्यपाल के संज्ञान में लाने के लिए निकाल रहे हैं।’’ आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि प्रदर्शनकारी लोक भवन में राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेंगे। आरजेडी के मार्च पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने दावा किया कि ये तेजस्वी यादव का ‘‘करियर बचाने’’ के लिए निकाला गया मार्च है।

सरावगी ने आरोप लगाया, ‘‘वे छात्र, क्रिकेटर और राजनेता के रूप में विफल रहे हैं। अब वे ऐसे मुद्दे पर राजनीति करने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे बिहार सरकार पहले ही सुलझा चुकी है।’’ पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल को बिहार के राज्यपाल से मिलने की अनुमति दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *