IPL 2026: भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल ने एक फिट क्रिकेटर बनने के लिए शराब छोड़ दी है, जिससे वे 28 मार्च से शुरू हो रहे आईपीएल में अपनी फैंचाइजी पंजाब किंग्स के लिए अपना “150 प्रतिशत” दे सकें। पिछले सीजन में पंजाब किंग्स उप-विजेता रही थी। 2014 के बाद ये उनका पहला फाइनल मुकाबला था।
दक्षिण अफ्रीका के महान खिलाड़ी ए.बी. डिविलियर्स के यूट्यूब चैनल पर युजवेंद्र चहल ने बताया कि उन्होंने पिछले छह महीनों से ज्यादा समय से शराब नहीं पी है; इसके साथ ही उन्होंने पिछले सीजन में चोटों से जूझने के अपने अनुभव भी साझा किए।
उन्होंने कहा, “केकेआर यानी कोलकाता नाइट राइडर्स के मैच के बाद, मेरा कूल्हा फ्रैक्चर हो गया था और बाद में टूर्नामेंट में मेरी उंगली भी फ्रैक्चर हो गई। इसलिए सेमी-फाइनल और फाइनल में, मैं अपनी सही गेंदबाजी नहीं कर पाया।”
उन्होंने कहा, “लेकिन इस साल मैंने सबसे पहले अपने फिटनेस पर ध्यान देने का फैसला किया और मेरे पास आपके लिए एक अच्छी खबर है, मैंने शराब पीना छोड़ दिया है। इसे छह महीने से ज्यादा हो चुके हैं।”
चहल ने आगे कहा, “अब मैं 35 साल का हूं; मैं और ज़्यादा एक्टिव रहना चाहता हूं और अपनी टीम के लिए अपना 150 प्रतिशत देना चाहता हूं। एक सीनियर बॉलर और सीनियर खिलाड़ी के तौर पर, लोग मुझे देखकर सोचेंगे कि ‘इस खिलाड़ी से हमें कुछ सीखना चाहिए।'”