Noida: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 28 मार्च को जेवर में स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन कर सकते हैं। इसको लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
गुरुवार को जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह दूसरे नेताओं के साथ उद्घाटन की तैयारियों का जायजा लेने हवाई अड्डे के परिसर में पहुंचे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से 28 मार्च को जेवर में स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करने का अनुरोध किया गया है।
इसके पहले चरण में, हवाई अड्डे में एक रनवे और एक यात्री टर्मिनल होगा, जिसकी वार्षिक यात्री वहन क्षमता लगभग 1.2 करोड़ यात्री होगी।
टर्मिनल लगभग 1.38 लाख वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला होगा, जिसमें 48 चेक-इन काउंटर, नौ सुरक्षा जांच लेन और नौ आव्रजन काउंटर होंगे, साथ ही घरेलू व अंतरराष्ट्रीय लाउंज भी होंगे।
हवाई अड्डे में 10 एरोब्रिज, 28 विमान पार्किंग स्टैंड और एक रनवे होगा, जो प्रति घंटे लगभग 30 उड़ानों के संचालन में सक्षम होगा। एक कार्गो हब भी स्थापित किया जाएगा, जिसकी प्रारंभिक क्षमता वार्षिक 2.5 लाख टन होगी, जिसे बाद के चरणों में 15 लाख टन तक बढ़ाया जा सकेगा।