Saurav Ghosal: भारतीय खिलाड़ी सौरव घोषाल को वर्ल्ड प्रीमियर स्क्वाश का खेल आयुक्त किया नियुक्त

 Saurav Ghosal: भारत के दिग्गज स्क्वाश खिलाड़ी सौरव घोषाल को इस साल के आखिर में होने वाली वर्ल्ड प्रीमियर स्क्वाश (डब्ल्यूपीएस) लीग का खेल आयुक्त नियुक्त किया गया है।

पीएसए विश्व रैंकिंग में शीर्ष 10 में पहुंचने वाले भारत के एकमात्र पुरुष खिलाड़ी घोषाल के नाम 11 खिताब और एशियाई खेलों के नौ पदक के अलावा दो दशक तक प्रमुख प्रतियोगिताओं में खेलने का अनुभव है।

उन्होंने प्रोफेशनल स्क्वाश एसोसिएशन (पीएसए) के पुरुष अध्यक्ष और पीएसए और वर्ल्ड स्क्वाश (खेल की वैश्विक शासी निकाय) के संयुक्त खिलाड़ी आयोग के सह अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया है।

डब्ल्यूपीएस ने बयान में कहा, ‘‘घोषाल वर्ल्ड प्रीमियर स्क्वाश (डब्ल्यूपीएस) के खेल आयुक्त के रूप में लीग के संपूर्ण खेल ढांचे की जिम्मेदारी संभालेंगे, जिसमें प्रतियोगिता का प्रारूप, खिलाड़ियों की योग्यता और रेफरी के लिए मानक तय करना शामिल है।’’

स्क्वाश लॉस एंजिलिस ओलंपिक खेलों में पदार्पण करेगा और घोषाल ने कहा कि इस लीग में बड़े खिलाड़ी तैयार करने की क्षमता है।

उन्होंने कहा, ‘‘दुनिया के सर्वश्रेष्ठ स्क्वाश खिलाड़ी उन क्लबों और मैदानों से उभरे हैं जो चकाचौंध से दूर थे। वर्ल्ड प्रीमियर स्क्वाश इस खेल के भावी महान खिलाड़ियों को शीर्ष तक पहुंचने के लिए वास्तविक मंच प्रदान करेगा।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *