Bikaner: बीकानेर में वक्त से पहले गर्मी ने दी दस्तक, सड़क के किनारे सजे मटकों के बाजार

Bikaner:  जिन सड़कों से आप रोजाना गुजरते हैं, उनके किनारे अगर आपको मिट्टी के रंग-बिरंगे मटके करीने से सजे दिखे, तो आप पक्का मान सकते हैं कि गर्मी दस्तक दे चुकी है।

राजस्थान के बीकानेर में तो कुछ ऐसा ही नजारा दिख रहा है। शहर में पारा 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। आने वाले कुछ दिनों में इसके 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।

सड़क के किनारे हर साल मिट्टी के बर्तनों की दुकानें लगाने वाले लोग इस बार जल्द दिखने लगे हैं। वे अपने साथ नल लगे हुए कई तरह के रंग-बिरंगे मिट्टी के मटके भी लाए हैं, जिनकी ओर लोग खिंचे चले आ रहे हैं। उनके मुताबिक इन मटकों का ठंडा पानी लोगों को गर्मी से राहत देगा।

सड़क किनारे सजी इन दुकानों पर लोगों की जरूरत और उनके बजट के मुताबिक मिट्टी के बर्तन मौजूद हैं।

ग्राहक जानते हैं कि मिट्टी के ये बर्तन कितने जरूरी हैं, क्योंकि ठंडे पानी की एक घूंट के लिए फ्रिज हमेशा पहली पसंद नहीं होता। वे खुश है कि अपनी मनपसंद की चीज खरीदने के लिए उन्हें इधर-उधर भटकना नहीं पड़ रहा है।

भीषण गर्मी का दौर भले ही अभी कुछ हफ्ते दूर हो, लेकिन लोगों को अभी से इसका अहसास होने लगा है। ऐसे में आने वाले दिनों में गर्मी में अपने ठंडे पानी से लोगों को राहत देने वाले मिट्टी के मटकों की मांग और ज्यादा बढ़ने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *