Trump: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने डेलावेयर में मध्य पूर्व में शहीद हुए 6 अमेरिकी सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की

Trump:  अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने डेलावेयर के एक सैन्य अड्डे पर मध्य पूर्व में शहीद हुए 6 अमेरिकी सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। पश्चिमी इराक में अमरीकी सेना का ईंधन भरने वाला सैन्य विमान केसी-135 दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें अमेरिका के छह सैनिकों की मौत हो गई थी।

श्रद्धांजलि समारोह के बाद सभी सैनिकों के पार्थिव शरीर उनके परिवारों को सौंपे गए।

28 फरवरी को ईरान के साथ युद्ध शुरू होने के बाद ये दूसरी बार है जब रिपब्लिकन राष्ट्रपति ने इस तरह के श्रद्धांजलि समारोह में हिस्सा लिया, जिसे ‘डिग्निफाइड ट्रांसफर’ के नाम से जाना जाता है। उन्होंने एक बार इसे कमांडर-इन-चीफ के तौर पर अपने लिए “सबसे मुश्किल काम” बताया था।

ट्रंप के साथ रक्षा सचिव पीट हेगसेथ, प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष माइक जॉनसन, ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष जनरल डैन केन और अलबामा के रिपब्लिकन सीनेटर टॉमी ट्यूबरविले और केटी ब्रिट सहित दूसरे सांसद भी मौजूद थे।

पिछले हफ्ते पश्चिमी इराक में अपने ही इलाके के ऊपर एक विमान दुर्घटना में केसी-135 एयर फोर्स रीफ़्यूलिंग विमान के सभी छह क्रू सदस्य मारे गए। वो ईरान के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन्स में मदद कर रहे थे। वो अलबामा, इंडियाना, केंटकी, ओहियो और वॉशिंगटन के रहने वाले थे।

इस दुर्घटना के बाद ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ में अमेरिका के मारे गए सैनिकों की संख्या करीब 13 हो गई है, पेंटागन ने बताया है कि लगभग 200 अमेरिकी सैनिक घायल हुए हैं, जिनमें से 10 की हालत गंभीर है।

बुधवार को हुए श्रद्धांजलि समारोह में परिवारों के अनुरोध पर और सैन्य नीति के अनुसार, मीडिया को कवरेज की अनुमति नहीं दी गई थी। ट्रंप जमीन पर दो घंटे से कुछ ही कम समय तक रुके और ‘एयर फोर्स वन’ से उतरते और उसमें वापस चढ़ते समय उन्होंने पत्रकारों से कोई बात नहीं की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *