Chawri Bazaar: दिल्ली के चावड़ी बाजार में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत गिरने की घटना को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कड़ा रुख अपनाया है, उन्होंने हादसे की विस्तृत जांच कराने और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही घटना के लिए जिम्मेदारियों की जांच के तहत संबंधित जूनियर इंजीनियर और असिस्टेंट इंजीनियर को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया है।
इस दुर्घटना में दो लोगों की जान चली गई, जबकि चार अन्य घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायलों को अस्पताल में बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए। साथ ही हादसे से प्रभावित परिवारों को बिना देरी किए आर्थिक सहायता मुहैया कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक, पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के नजदीक गली सितारा में गुरुवार सुबह करीब 9:50 बजे यह इमारत अचानक ढह गई। सूचना मिलने के बाद दिल्ली अग्निशमन सेवा की बचाव टीम मौके पर पहुंची और मलबे से दो लोगों के शव बाहर निकाले। दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने चार घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचा दिया था।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। इसके अलावा, मलबे में कुछ और लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए राहत और बचाव कार्य जारी है।
15 दिन पहले ही रोक दिया गया था निर्माण कार्य
नगर निगम (एमसीडी) के एक अधिकारी के अनुसार, संबंधित इमारत में निर्माण गतिविधियां करीब 15 दिन पहले ही बंद करा दी गई थीं। हादसे के समय वहां काम कर रहे मजदूर छत के नीचे लगाए गए सपोर्ट सिस्टम को हटाने में लगे थे। इसी दौरान तीन मंजिला इमारत ढह गई।
घटना के बाद प्रशासनिक स्तर पर जांच के आदेश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि हादसे के कारणों और लापरवाही की जिम्मेदारी तय की जाएगी तथा दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।