Ayodhya: दीपोत्सव-2026 की कवरेज को मिलेगी हाईटेक सुविधा, तैयार हो रहा आधुनिक मीडिया सेंटर

Ayodhya:  योगी सरकार अयोध्या में दीपोत्सव-2026 को भव्य और यादगार बनाने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी है। आयोजन की हर गतिविधि को देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से पत्रकारों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस मीडिया सेंटर बनाया जा रहा है। दीपावली के अवसर पर 5, 6 और 7 नवंबर को दीपोत्सव का आयोजन प्रस्तावित है, जबकि इसका मुख्य समारोह 7 नवंबर को होगा। इसमें देश-विदेश से विशिष्ट अतिथि, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और मीडिया कर्मी शामिल होंगे।

दीपोत्सव की व्यापक और व्यवस्थित मीडिया कवरेज के लिए सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, जिला प्रशासन अयोध्या के साथ मिलकर काम कर रहा है। पत्रकारों के प्रवेश, कार्यक्रम स्थलों तक आवागमन, कवरेज, जलपान और भोजन से लेकर फोटो-वीडियो कवरेज और सोशल मीडिया प्रचार तक की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इसके लिए अलग-अलग आयोजन स्थलों पर नोडल अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

शोभायात्रा के शुरुआती स्थल साकेत महाविद्यालय में सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती और जिला सूचना अधिकारी अनुराग रंजन मीडिया से जुड़ी व्यवस्थाएं संभालेंगे। वहीं, हेलीपैड पर उप निदेशक अनुराग प्रसाद और सूचना अधिकारी प्रवीण मालवीय को समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है।

रामकथा पार्क और मुख्य मंच पर उप निदेशक आत्रेय मिश्रा तथा सूचना अधिकारी अमित शुक्ला तैनात रहेंगे। नया घाट, सरयू आरती स्थल और पुल पर सूचना अधिकारी महेंद्र कुमार एवं अनुवादक आशीष सिंह मीडिया प्रतिनिधियों की सहायता करेंगे। राम की पैड़ी पर सूचना अधिकारी लाल कमल और क्षेत्रीय प्रदर्शनी अधिकारी मयंक तिवारी समन्वय का कार्य देखेंगे।

लखनऊ से अयोध्या कार्यक्रम स्थल तक मीडिया प्रतिनिधियों के आने-जाने की व्यवस्था सहायक निदेशक चंद्र विजय वर्मा और अपर जिला सूचना अधिकारी आनंद सिंह के जिम्मे रहेगी। वहीं, जलपान और भोजन से संबंधित इंतजामों के लिए सहायक निदेशक अमित यादव तथा वरिष्ठ सहायक आनंद मिश्रा को दायित्व सौंपा गया है।

कार्यक्रमों की तस्वीरें और वीडियो तैयार कर उन्हें ऑनलाइन उपलब्ध कराने के लिए फोटो एवं फिल्म कवरेज टीम भी तैनात की गई है। इसके अलावा सोशल मीडिया और यूट्यूब के माध्यम से आयोजन की गतिविधियों को तत्काल साझा करने के लिए विशेष टीम बनाई गई है, जो संबंधित संस्थाओं के साथ तालमेल बनाकर काम करेगी।

पत्रकारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए धर्मपथ पर हनुमान गुफा के सामने स्थित नगर निगम पार्किंग ग्राउंड में अस्थायी मीडिया सेंटर स्थापित किया गया है। यहां कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट, स्टेशनरी सहित जरूरी संसाधन उपलब्ध होंगे। मीडिया वाहनों की पार्किंग के लिए फटिक शिला स्थल तय किया गया है।

सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग ने मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की है कि वे सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों, निर्धारित मीडिया जोन, प्रवेश पास और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें। इससे दीपोत्सव के सभी कार्यक्रमों की कवरेज सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *