SRK: शाहरुख खान ने ‘मन्नत’ के बाहर प्रशंसकों के लिए भावुक संदेश किया शेयर

SRK: बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान ने अपने 61वें जन्मदिन पर प्रशंसकों के प्रति आभार जताने के लिए एक खास संदेश साझा किया। इस बार अभिनेता ने मन्नत की बालकनी से बाहर आकर फैंस का अभिवादन नहीं किया, बल्कि उनके लिए हाथ से लिखा धन्यवाद संदेश अपने घर के बाहर लगी विशाल स्क्रीन पर प्रदर्शित करवाया।

हर साल की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में प्रशंसक अपने पसंदीदा अभिनेता की एक झलक पाने के लिए मुंबई स्थित मन्नत के बाहर जुटे थे। हालांकि, शाहरुख ने उनसे रूबरू होने की अपनी परंपरा से हटकर स्क्रीन के जरिए संवाद किया।

स्क्रीन पर दिखाए गए संदेश में अभिनेता ने प्रशंसकों की शुभकामनाओं और प्यार के लिए धन्यवाद देते हुए लिखा कि उनकी तरफ से भी सभी को ढेर सारा प्यार। संदेश के आखिर में उन्होंने प्रशंसकों को एक बड़ी-सी झप्पी भेजने की बात कही।

इस मौके पर मन्नत के बाहर शाहरुख की आने वाली फिल्म ‘किंग’ के दो बड़े पोस्टर भी लगाए गए। इन पोस्टरों पर फिल्म के संवाद ‘किंग अकेला काफी है’ और ‘डर नहीं, दहशत हूं’ लिखे हुए थे।

आधी रात को रिलीज किया ‘किंग’ का गाना

जन्मदिन के जश्न को खास बनाते हुए शाहरुख खान ने आधी रात को फिल्म ‘किंग’ का पहला गाना ‘तू मिल जाए’ भी रिलीज किया। सचिन-जिगर के संगीत से सजे इस गाने को अरिजीत सिंह, एड शीरन और मधुबंती बागची ने अपनी आवाज दी है।

सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में तैयार हो रही इस फिल्म का निर्माण रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स मिलकर कर रहे हैं। फिल्म 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

तीन साल बाद बड़े पर्दे पर लौटेंगे शाहरुख

‘किंग’ के जरिए शाहरुख खान करीब तीन साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी करेंगे। इससे पहले वर्ष 2023 में उनकी ‘पठान’, ‘जवान’ और ‘डंकी’ रिलीज हुई थीं। इस फिल्म में वह एक बार फिर निर्देशक सिद्धार्थ आनंद के साथ काम कर रहे हैं। इससे पहले दोनों की जोड़ी ‘पठान’ में नजर आई थी।

फिल्म की एक और खास बात यह है कि इसमें पहली बार शाहरुख खान अपनी बेटी सुहाना खान के साथ स्क्रीन साझा करते दिखाई देंगे। इस एक्शन एंटरटेनर में दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी, अभिषेक बच्चन, अरशद वारसी, अनिल कपूर, जयदीप अहलावत और राघव जुयाल भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *