New Delhi: सोनिया गांधी ने लालू यादव से की मुलाकात, UPA के दौर को किया याद

New Delhi: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार को दिल्ली में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) प्रमुख लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने यूपीए सरकार के कार्यकाल से जुड़ी पुरानी यादें साझा कीं और उस दौर में लागू किए गए जनकल्याणकारी कानूनों एवं योजनाओं पर चर्चा की।

सोनिया गांधी ने लालू यादव से उनकी बेटी और राज्यसभा सांसद मीसा भारती के आवास पर मुलाकात की। बैठक के बाद लालू यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर इस मुलाकात की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि सोनिया गांधी उनके आवास पर पहुंचीं और उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान दोनों नेताओं ने पुराने दिनों को याद किया। लालू के मुताबिक, बातचीत में यूपीए सरकार के समय युवाओं, किसानों, सैनिकों और आम नागरिकों के हित में शुरू की गई पारदर्शी कल्याणकारी पहलों का भी जिक्र हुआ।

लालू यादव ने कहा कि यूपीए शासनकाल में मनरेगा, शिक्षा का अधिकार (आरटीई) और सूचना का अधिकार (आरटीआई) जैसे कानूनों के माध्यम से आम लोगों को अधिकार संपन्न बनाने की दिशा में अहम कदम उठाए गए थे। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय बिहार के विकास के लिए एक लाख 45 हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि उपलब्ध कराई गई थी।

इस मुलाकात के दौरान आरजेडी नेता और लालू यादव के बेटे तेजस्वी यादव भी मौजूद रहे। पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी ने बताया कि लालू यादव नियमित स्वास्थ्य जांच के सिलसिले में दिल्ली आए हुए हैं। उन्होंने कहा कि एक दिन पहले उनकी सोनिया गांधी से मुलाकात हुई थी, जिसमें उन्होंने लालू के दिल्ली में होने की जानकारी दी थी। इसके बाद सोनिया गांधी ने स्वयं उनसे मिलने की इच्छा जताई और सोमवार को मुलाकात के लिए पहुंचीं।

तेजस्वी यादव ने दोनों परिवारों के बीच पुराने और करीबी संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि सोनिया गांधी और लालू यादव ने मुश्किल वक्त में एक-दूसरे का साथ दिया है। लंबे समय से दोनों नेताओं की मुलाकात नहीं हुई थी, ऐसे में सोनिया गांधी उनसे मिलने आईं, गौरतलब है कि यह मुलाकात इंडिया गठबंधन की ओर से दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर आयोजित रैली के अगले दिन हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *