Ayodhya: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंचकर दीपोत्सव-2026 की तैयारियों का निरीक्षण करेंगे, इस दौरान वह आयोजन स्थलों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में हनुमानगढ़ी और श्रीराम मंदिर में दर्शन के साथ साकेत महाविद्यालय, राम की पैड़ी, राम कथा पार्क और सरयू आरती स्थल का निरीक्षण शामिल है। इसके बाद वह अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करेंगे।
दीपोत्सव में शामिल होने वाले मुख्य अतिथियों और वीआईपी लोगों की सुरक्षा को लेकर भी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के दोपहर 12 बजे तक अयोध्या पहुंचने की संभावना है। उनके दौरे को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने पहले ही विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया है।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के मुताबिक, बीते दो-तीन दिनों में हुई बारिश से तैयारियों पर कुछ असर जरूर पड़ा था, लेकिन पहले से जारी कार्यों के चलते कोई बड़ी बाधा नहीं आई। उन्होंने बताया कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय के अनुसार आगे बढ़ रही हैं। मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान यदि किसी तरह की कमी सामने आती है तो उसे तत्काल ठीक कराया जाएगा।
ट्रैफिक और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि दीपोत्सव के आयोजन क्षेत्र को अलग-अलग जोन और सेक्टर में बांटकर तैयारियों की निगरानी की जा रही है। यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए जिले के भीतर और अंतर-जिला स्तर पर डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है।
आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए येलो जोन कंट्रोल रूम के साथ इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर भी स्थापित किया जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय पुलिस के अलावा रेंज, जोन और पुलिस मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। विशेष सुरक्षा एजेंसियों की भी मदद ली जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि दीपोत्सव और मुख्यमंत्री के वीआईपी दौरे को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के निरीक्षण के बाद तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक सुधार भी किए जाएंगे।