Varanasi: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने एक दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान काशी के प्रमुख मंदिरों में पहुंचे और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव के दरबार में हाजिरी लगाई। इसके बाद उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर बाबा विश्वनाथ का पूजन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने देश और प्रदेश में सुख-शांति, समृद्धि तथा जनकल्याण की कामना की।
बाबा काल भैरव की आरती उतारी, विश्वनाथ मंदिर में किया जलाभिषेक
वाराणसी पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे पहले बाबा काल भैरव मंदिर गए। यहां उन्होंने बाबा का दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और आरती में शामिल हुए। इसके पश्चात मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे। मंदिर के गर्भगृह में उन्होंने बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया और षोडशोपचार विधि से पूजन संपन्न किया। दोनों मंदिरों में शीश नवाकर उन्होंने राष्ट्र और प्रदेश की खुशहाली, शांति एवं नागरिकों के कल्याण के लिए प्रार्थना की।
बच्चों को चॉकलेट देकर जताया स्नेह
बाबा काल भैरव मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री का बच्चों के प्रति आत्मीय व्यवहार भी देखने को मिला। वहां मौजूद बच्चों से उन्होंने बातचीत की और उन्हें चॉकलेट भेंट की। मुख्यमंत्री से स्नेह पाकर बच्चे भी काफी उत्साहित और प्रसन्न नजर आए।
मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
मुख्यमंत्री के दर्शन-पूजन कार्यक्रम के दौरान प्रदेश सरकार के कई मंत्री और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इनमें श्रम एवं सेवायोजन समन्वय मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ और एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा शामिल रहे। इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव समेत अन्य गणमान्य लोगों ने भी मंदिरों में मुख्यमंत्री के साथ दर्शन-पूजन किया।