CM Yogi: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। शनिवार शाम गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री ने इस दौरान करीब 150 लोगों से संवाद किया और संबंधित अधिकारियों को उनकी शिकायतों का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में एक महिला ने मुख्यमंत्री के सामने अपने पति के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। महिला ने बताया कि उसके पति मस्तिष्क आघात से पीड़ित हैं और उनके ऑपरेशन की आवश्यकता है। इस पर सीएम योगी ने मरीज के इलाज से जुड़ी जानकारी ली और परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि उपचार में किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी और जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
बीमार महिला को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने के निर्देश
जनता दर्शन में पहुंची एक अन्य महिला की स्वास्थ्य समस्या को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को उसे बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने की व्यवस्था करने को कहा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर बैठे फरियादियों के बीच पहुंचे और एक-एक कर उनकी शिकायतें सुनीं। उन्होंने लोगों से प्रार्थना पत्र प्राप्त किए और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं का निस्तारण तय समयसीमा के भीतर, निष्पक्ष तरीके से और शिकायतकर्ता की संतुष्टि के अनुरूप किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ तुरंत कार्रवाई करें और किसी भी मामले में अनावश्यक देरी न होने दें।
अपराधियों और भू-माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है। अपराध और जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर उन्होंने पुलिस अधिकारियों को संबंधित अपराधियों और भू-माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में कई महिलाएं अपने बच्चों के साथ भी पहुंची थीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों से स्नेहपूर्वक बातचीत की, उन्हें चॉकलेट दी और प्यार के साथ आशीर्वाद भी दिया। कार्यक्रम के माध्यम से उन्होंने एक बार फिर आम लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है।