USA: भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अमेरिका के अटलांटा में आयोजित जी20 विदेश मंत्रियों की बैठक से इतर कनाडा की विदेश मंत्री अनिता आनंद के साथ बातचीत की। इस मुलाकात में दोनों नेताओं ने भारत और कनाडा के बीच सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों में हो रही प्रगति की समीक्षा की।
जयशंकर ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए कहा कि अनिता आनंद से मिलकर उन्हें खुशी हुई। उन्होंने बताया कि बातचीत के दौरान दोनों देशों के बीच साझेदारी में लगातार हो रही प्रगति का जायजा लिया गया।
अर्जेंटीना के साथ व्यापार और रक्षा सहयोग पर चर्चा
जी20 बैठक के दौरान जयशंकर ने अर्जेंटीना के विदेश मंत्री पाब्लो क्विरनो से भी मुलाकात की। इस बातचीत में व्यापार, महत्वपूर्ण खनिजों, रक्षा, परमाणु सहयोग और बहुपक्षीय मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ।
मेक्सिको और ब्राजील के विदेश मंत्रियों से भी मिले
विदेश मंत्री ने मेक्सिको के विदेश मंत्री रॉबर्टो वेलास्को अल्वारेज के साथ भी बैठक की। जयशंकर के मुताबिक, इस मुलाकात का मुख्य उद्देश्य भारत और मेक्सिको के द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने और उनमें नई गति लाने पर चर्चा करना था।
इसके अलावा उन्होंने ब्राजील के विदेश मंत्री माउरो विएरा के साथ बातचीत की। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
जर्मनी के विदेश मंत्री से भी हुई मुलाकात
अटलांटा में जी20 विदेश मंत्रियों की बैठक के अवसर पर जयशंकर ने जर्मनी के विदेश मंत्री योहान वाडेफुल से भी मुलाकात की। उन्होंने इस बातचीत को सकारात्मक बताते हुए जर्मनी के विदेश मंत्रालय के साथ नियमित संवाद को महत्वपूर्ण बताया।
जी20 बैठक से इतर हुई इन मुलाकातों में भारत ने कनाडा, अर्जेंटीना, मेक्सिको, ब्राजील और जर्मनी के साथ द्विपक्षीय संबंधों तथा साझा अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर बातचीत की।