PM Modi: गुजरात से देश की सेवा तक का सफर जनता के भरोसे से संभव हुआ- प्रधानमंत्री मोदी

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जनता की सेवा और देश का विकास उनके सार्वजनिक जीवन की यात्रा का मुख्य उद्देश्य रहा है। उन्होंने अपनी उपलब्धियों का श्रेय देशवासियों को देते हुए कहा कि आम परिवार से आने वाले व्यक्ति को गुजरात और फिर पूरे देश की सेवा करने का अवसर जनता के विश्वास की वजह से मिला।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस परिवार की पीढ़ियों ने कभी गांव का मुखिया बनने तक का सपना नहीं देखा था, उसी परिवार के एक व्यक्ति को जनता ने पहले गुजरात और फिर पूरे देश की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने कहा कि उनके लिए यह विश्वास बेहद महत्वपूर्ण है।

पीएम मोदी ने कहा, “जनता की सेवा ही राष्ट्र की सेवा है और गुजरात का विकास देश की प्रगति में योगदान देता है। मैंने देश के लिए जो कुछ भी हासिल किया है, उसका श्रेय मेरे सभी देशवासियों को जाता है।”

उन्होंने आगे कहा कि वह जीवनभर जनता के इस भरोसे के प्रति आभारी रहेंगे और आखिरी सांस तक लोगों की सेवा के लिए समर्पित रहेंगे।

बनासकांठा के आलू और बनास डेयरी की सराहना

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में बनासकांठा की कृषि और सहकारिता क्षेत्र में उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यहां उत्पादित आलू को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। साथ ही, बनास डेयरी के सहकारी मॉडल की तारीफ करते हुए कहा कि इसने गुजरात से बाहर भी सहकारिता आंदोलन को विस्तार दिया है।

पीएम मोदी ने विशेष रूप से काशी का जिक्र करते हुए कहा कि बनास डेयरी के अनुभव और सेवाओं का लाभ वहां भी मिल रहा है। उन्होंने संस्था के योगदान के लिए आभार जताया।

उन्होंने आलू प्रसंस्करण संयंत्र की क्षमता में किए गए विस्तार को भी किसानों के लिए महत्वपूर्ण बताया। प्रधानमंत्री के मुताबिक, इससे अधिक मात्रा में आलू की खरीद संभव होगी और क्षेत्र के किसानों को लाभ मिलेगा।

फल-सब्जी उत्पादकों के लिए क्लस्टर विकास कार्यक्रम

किसानों की आमदनी और बागवानी को प्रोत्साहन देने के लिए प्रधानमंत्री ने क्लस्टर डेवलपमेंट प्रोग्राम का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि टमाटर, आलू, मिर्च, अंगूर, केला, प्याज, संतरा, अनार और कोको जैसी फसलों के लिए कुल 12 क्लस्टरों को मंजूरी दी गई है।

इस योजना के तहत किसानों को नए बाग लगाने और पुराने बागों को फिर से विकसित करने में मदद मिलेगी। परियोजना के लिए सब्सिडी का प्रावधान भी किया गया है। पीएम मोदी ने बताया कि उत्तर गुजरात के लिए स्वीकृत दो क्लस्टरों से बनासकांठा और साबरकांठा के आलू उत्पादक किसानों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।

खाद और गैस की किल्लत की अफवाहों पर विपक्षी तत्वों को घेरा

प्रधानमंत्री ने खाड़ी क्षेत्र में जारी तनाव के बीच देश में खाद और गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग देश की मुश्किल परिस्थितियों का इंतजार करते हैं और ऐसे समय में जरूरी वस्तुओं की कमी को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश करते हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि देश का युवा, महिलाएं और बेटियां भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए प्रयासरत हैं, लेकिन कुछ लोगों को देश की प्रगति पसंद नहीं है। उनके मुताबिक, खाड़ी क्षेत्र में अनिश्चितता के माहौल के बीच खाद और गैस की कमी की अफवाहें फैलाकर सरकार को बदनाम करने की कोशिश की गई।

प्रधानमंत्री ने किसानों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उर्वरकों की कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद सरकार ने इसका अतिरिक्त बोझ किसानों पर नहीं पड़ने दिया है। उन्होंने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में तनाव जारी रहने के बावजूद सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *