CM Yogi: उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड द्वारा राजधानी लखनऊ में आगामी 28 अक्टूबर से 07 नवम्बर 2026 तक ‘माटीकला महोत्सव-2026’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। पारंपरिक शिल्पकारों को सीधा मंच उपलब्ध कराने तथा माटीकला को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस महोत्सव की मुख्य थीम ‘मिट्टी से संस्कृति, संस्कृति से समृद्धि’ रखी गई है।
महोत्सव के अंतर्गत आयोजित होने वाली माटीकला उत्पादों की भव्य प्रदर्शनी का औपचारिक उद्घाटन बुधवार, 28 अक्टूबर 2026 को सायं 05:00 बजे उ०प्र० माटीकला बोर्ड, खादी भवन प्रांगण, 8-तिलक मार्ग, डालीबाग, लखनऊ में संपन्न होगा।
इस राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान द्वारा मुख्य अतिथि के रूप में किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग के प्रमुख सचिव अनिल कुमार सागर की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
28 अक्टूबर से 07 नवम्बर 2026 तक चलने वाले इस 11 दिवसीय महोत्सव में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए सिद्धहस्त शिल्पकारों द्वारा निर्मित उत्कृष्ट माटीकला उत्पादों की भव्य प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
उ०प्र० माटीकला बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी शिशिर ने सभी नागरिकों, कला प्रेमियों एवं संभ्रांतजनों से अपील की है कि वे इस अवसर पर खादी भवन प्रांगण में पधारकर स्थानीय शिल्पकारों द्वारा निर्मित उत्कृष्ट उत्पादों का अवलोकन करें और उनका उत्साहवर्धन करें।