Dehradun: पत्नी की गोली मारकर हत्या, पति फरार, तलाश में जुटी पुलिस

Dehradun: देहरादून के क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना खुद महिला के पति ने कंट्रोल रूम को फोन कर दी और दावा किया कि उसने अपनी पत्नी को गोली मार दी है। इसके बाद से पति का फोन स्विच ऑफ है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

पुलिस के मुताबिक, सूचना मिलते ही टीम ने कॉलर से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन बंद मिला। कॉल की लोकेशन के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां एक प्लॉट के अंदर बने कमरे में 26 वर्षीय काजल मृत अवस्था में मिली। प्रारंभिक जांच में महिला की मौत गोली लगने से होना सामने आया है।

मृतका के भाई के मुताबिक, पिछले कई दिनों से काजल और उसके पति के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है। वहीं मृतका के भाई की तहरीर पर क्लेमेनटाउन थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित की हैं और उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *