Pollution: एयर क्वालिटी मैनेजमेंट कमीशन ने दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश की सरकारों को एक एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि नवंबर और दिसंबर में स्कूलों में सभी तरह की फिजिकल स्पोर्ट्स एक्टिविटीज और प्रतियोगिताओं पर रोक लगाई जाए।
ये कदम स्कूली बच्चों को सर्दियों में होने वाले खतरनाक वायु प्रदूषण से बचाने के लिए उठाया गया है। हर साल दिल्ली-एनसीआर में भारी वायु प्रदूषण होता है। स्कूल प्रशासन का कहना है कि वे प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए हर साल अपने अकादमिक कैलेंडर में बदलाव करते हैं। उन्होंने अधिकारियों से अपील की है कि इस समस्या का स्थायी समाधान तलाशा जाए।
कुछ माता-पिता ने कहा है कि इस एडवाइजरी को लागू करने का कोई मजबूत तरीका नहीं बताया गया है। उन्हें शक है कि स्कूल सख्ती से इसका पालन करेंगे। उनका कहना है कि आदेश की भाषा में अस्पष्टता है। हालांकि उन्हें उम्मीद है कि आउटडोर गतिविधियों के मामले में स्कूल जिम्मेदारी से कदम उठाएंगे।
सर्दियां आ रही है, हवा की गुणवत्ता फिर खराब होने की आशंका है। इसे देखते हुए एडवाइजरी के तहत एनसीआर के स्कूलों की जिम्मेदारी है कि वे बच्चों की सुरक्षा के लिए कदम उठाएं, जो प्रदूषण के प्रति ज्यादा संवेदनशील होते हैं। सर्दियों में देखना होगा कि दिल्ली-एनसीआर में इस एडवाइजरी का किस हद तक पालन किया जाता है।