PM birthday: प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर उज्जैन में 33.2 लाख दीये जलाने का ‘विश्व रिकॉर्ड’

PM birthday:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर मध्य प्रदेश में कुल 3.55 करोड़ दीये प्रज्ज्वलित किए गए, जबकि इस आयोजन के केंद्र में रहे धार्मिक नगरी उज्जैन में क्षिप्रा नदी के आसपास एक साथ 33.27 लाख दीये जलाए जाने का ‘विश्व रिकॉर्ड’ बनाया गया। एक अधिकारी ने ये जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि शाम सात बजे जैसे ही सायरन बजा, ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत तीन मिनट के भीतर हर जगह दीये जलाए गए। अधिकारी ने बताया कि पूरे मध्यप्रदेश में एक साथ 3.55 करोड़ दीये जलाए गए। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में पूरे प्रदेश में अभूतपूर्व जनभागीदारी देखी गई और दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा और प्रतिबद्धता का संदेश फैलाया गया।

उज्जैन में क्षिप्रा नदी के किनारे राम घाट पर बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह ने दीया जलाया। अधिकारी ने बताया कि स्वयं सेवकों ने शाम सात बजे रामघाट, दत्त अखाड़ा, केदारेश्वर घाट, सुनहरी घाट, भूखी माता घाट और महाकाल महालोक समेत नदी के अलग-अलग घाटों पर दीप जलाए और ‘क्षिप्रा आरती’ में हिस्सा लिया।

उन्होंने कहा कि इस दौरान नदी के किनारे रोशनी में नहाए हुए थे, जो एक मनोहर दृश्य प्रस्तुत कर रहे थे। स्वयं सेवकों ने शहर के कार्तिक मेला मैदान में दीप जलाकर मोदी की तस्वीर भी बनाई। अधिकारी ने कहा, ‘‘क्षिप्रा तट और महाकाल महालोक में एक साथ 33.27 लाख दीये प्रज्ज्वलित किए गए जो विश्व रिकार्ड है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *