TV Show: अभिनेत्री रश्मि देसाई करीब आठ साल के अंतराल के बाद टेलीविजन पर वापसी करने के लिए तैयार हैं। ‘उतरन’ फेम रश्मि देसाई आगामी टीवी शो ‘सय्योनी’ में नजर आएंगी, जिसमें वह माया का किरदार निभा रही हैं। रश्मि ने बताया कि उन्होंने छोटे पर्दे पर वापसी का फैसला तब किया, जब उन्हें ऐसी कहानी और किरदार मिला, जिससे वह खुद को जोड़ सकीं। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने कई टीवी ऑफर ठुकराए हैं।
रश्मि ने कहा, “मैं टेलीविजन पर वापसी के लिए नहीं, बल्कि एक मकसद के साथ लौटना चाहती थी। एक कलाकार के तौर पर हमें कई मौके मिलते हैं, लेकिन सिर्फ दिखाई देना, काम करना और पैसे कमाना जरूरी नहीं है। आपको ऐसा काम करना चाहिए जिसे लोग याद रखें और यही मेरी पहचान रही है। ‘सय्योनी’ में वह खास बात है। मुझे लगता है कि इसकी कहानी कलाकारों से भी बड़ी है।”
अपने किरदार के बारे में उन्होंने कहा, “माया सिर्फ एक किरदार या कल्पना नहीं है। ‘सय्योनी’ में मैं एक बेहद व्यावहारिक किरदार निभाने जा रही हूं। एक अभिनेता के तौर पर मैं यह नहीं नकारूंगी कि मुझे कई ऑफर मिले, लेकिन मैंने उन्हें इसलिए ठुकरा दिया क्योंकि जो कहानियां या किरदार मेरे पास आ रहे थे, उनसे मैं खुद को जोड़ नहीं पा रही थी। हर कलाकार ऐसा किरदार निभाना चाहता है, जिसे खूबसूरती से लिखा गया हो।”
‘सय्योनी’ में रश्मि देसाई के साथ जाह्नवी सोनी और गौतम सिंह विग मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। ‘सय्योनी’ का प्रीमियर 23 सितंबर को शाम 7:30 बजे होगा। शो स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर प्रसारित/स्ट्रीम किया जाएगा।