MEA: पाकिस्तानी नौसेना के पोत की भारतीय जहाज से टक्कर के बाद पाक के दूतावास प्रभारी तलब

MEA:  अरब सागर में अंतरराष्ट्रीय जलसीमा के भीतर पाकिस्तानी नौसेना के एक पोत द्वारा भारतीय नौसेना के जहाज को टक्कर मारने के ‘‘अस्वीकार्य आचरण’’ के बाद भारत ने पाकिस्तान के दूतावास प्रभारी को बुधवार को तलब किया।

विदेश मंत्रालय (एमईए) ने कहा कि दूतावास प्रभारी से कहा गया है कि वे संबंधित पाकिस्तानी अधिकारियों तक भारत की आपत्ति पहुंचाएं और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी सैन्य इकाइयां नियमों का पूरी तरह पालन करें और दोनों देशों के बीच हुए प्रासंगिक समझौतों के प्रावधानों का सम्मान करें।

मंत्रालय ने कहा, ‘‘समुद्र में पाकिस्तानी नौसैनिक इकाइयों के अस्वीकार्य और गैर-पेशेवर आचरण के कारण भारतीय नौसेना के जहाज के साथ टक्कर हुई। इस घटना पर कड़ा विरोध दर्ज कराने के लिए दूतावास प्रभारी को आज (बुधवार) विदेश मंत्रालय में तलब किया गया।’’

मंत्रालय ने कहा, ‘‘अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में हुई इस घटना से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन पाकिस्तानी नौसैनिक पोत का ये आचरण अप्रैल 1991 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए ‘सैन्य अभ्यासों, युद्धाभ्यासों और सैन्य टुकड़ियों की आवाजाही की अग्रिम सूचना’ संबंधी समझौते के अनुच्छेद 10 का सीधे तौर पर उल्लंघन था।’’

विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस्लामाबाद स्थित भारतीय दूतावास के प्रभारी को भी पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के समक्ष इसी तरह का विरोध दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *