Batwara 1947: बीजेपी सांसद और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने फिल्म “बंटवारा 1947” की सराहना करते हुए कहा कि ये फिल्म दर्शकों को याद दिलाती है कि नफरत और विभाजन की तुलना में मानवता, आपसी सम्मान और सौहार्द कहीं अधिक महत्वपूर्ण हैं। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में हेमा मालिनी ने कहा कि उन्होंने रविवार को यह फिल्म देखी और ये बहुत बेहतरीन है।
उन्होंने लिखा, “मैंने यह फिल्म देखी, यह बहुत शानदार है और एक स्पष्ट संदेश देती है जिसकी आज देश को आवश्यकता है। यह हमें याद दिलाती है कि नफरत और विभाजन से कहीं ज्यादा जरूरी मानवता, आपसी सम्मान और सौहार्द हैं। मुझे उम्मीद है कि यह संदेश लोगों को अपनी सोच बदलने और नफरत के ऊपर दया को चुनने के लिए प्रेरित करेगा।”
राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी यह फिल्म 1947 में भारत और पाकिस्तान के विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है।
‘आमिर खान प्रोडक्शंस’ द्वारा निर्मित इस फिल्म में सनी देओल और शबाना आजमी के साथ करण देओल तथा प्रीति जिंटा भी अहम किरदारों में हैं। 1947 के विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म 14 अगस्त को देशभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित हुई।