Jammu: जम्मू-कश्मीर में खासकर दक्षिण कश्मीर में सुबह जोरदार बारिश हुई। वहीं जम्मू के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश हुई। श्रीनगर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि गुरुवार को भी मौसम का हाल ऐसा ही रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक 16 अगस्त से बारिश का दौर और तेज होने की उम्मीद है और यह सिलसिला 19 अगस्त तक जारी रह सकता है। देश के कई हिस्सों में बारिश की कमी दर्ज की गई है, वहीं जम्मू-कश्मीर में सामान्य से ज्यादा बारिश हुई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, एक जुलाई को मानसून की शुरुआत के बाद से इस केंद्र शासित प्रदेश में सामान्य से लगभग 23 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है।
16 अगस्त से फिर से भारी बारिश का अनुमान है। ऐसे में अधिकारियों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है और उनसे खासकर उन इलाकों में जाने से बचने को कहा है, जहां भारी बारिश और अचानक बाढ़ का खतरा बना रहता है।