Kanwar Yatra: सावन महीने में जारी सालाना कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए चार अगस्त से हरिद्वार और गंगा किनारे बसे अन्य कस्बों को दूसरे शहरों से जोड़ने वाले मुख्य हाईवे पर गाड़ियों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में भी यह रोक लागू कर दी गई है। अधिकारियों को आने वाले दिनों में कांवड़ियों की संख्या में भारी बढ़ोतरी की उम्मीद है। यातायात मार्गों में बदलाव की ये योजना चार और पांच अगस्त की दरमियानी रात से लागू हो गई है। यह व्यवस्था 11 अगस्त की आधी रात तक प्रभावी रहेगी।
यातायात से जुड़े नए इंतजामों के तहत, सहारनपुर शहर क्षेत्र में भारी और मध्यम वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, जबकि हल्के वाहन कांवड़ मार्ग को छोड़कर वैकल्पिक मार्गों से चलेंगे ताकि कांवड़ियों के लिए तय रास्ता खाली रहें।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे कांवड़ यात्रा के सुचारू और सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए तय कांवड़ मार्गों पर अनावश्यक यात्रा से बचें, ट्रैफिक डायवर्जन से जुड़ी सलाहों का पालन करें और यातायात कर्मियों द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें।