Kerala: मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने मानसून के लिए व्यापक राहत पैकेज की घोषणा की

Kerala:  केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने मानसून से प्रभावित परिवारों के लिए बुधवार को राहत पैकेज की घोषणा की। राज्य में बारिश से जुड़े हादसों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है। इस राहत पैकेज में उन परिवारों के लिए बेहतर मुआवजा शामिल है जिन्होंने अपने परिवार के लोगों, घरों या जमीन को खो दिया है। इसके अलावा एमएसएमई यानी सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम के लिए आसान ऋण योजना और बाढ़ प्रभावित परिवारों को वित्तीय मदद का भी ऐलान किया गया।

तिरुवनंतपुरम में मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सीएम सतीशन ने कहा कि मानसून से जुड़ी घटनाओं में अब तक 11 लोग घायल हुए हैं, जबकि चार लोग अब भी लापता हैं। कोझिकोड जिले में, निचले इलाकों में रहने वाले लोग अपने घरों में वापस लौटने लगे हैं। हालांकि उनके घरों के अंदर अब भी कीचड़ और मलबा जमा है।

घरों को फिर से रहने लायक बनाने में मदद के लिए कई स्वयंसेवक आगे आए हैं, सरकार ने उन सभी परिवारों को अंतिम संस्कार के खर्च के लिए 10,000 रुपये देने की मंजूरी दी है, जिन्होंने कोई अपना खोया है।

जिन परिवारों के घर या दुकानें बाढ़ के पानी में डूब गए है, उन्हें भी नुकसान की पुष्टि होने के बाद 10,000 रुपये मिलेंगे, चाहे वे राहत शिविरों में रहे हों या नहीं। पूरी तरह से नष्ट हो चुके मकानों के लिए मुआवजा चार लाख रुपये से बढ़ाकर छह लाख रुपये कर दिया गया है।

भूस्खलन वाले क्षेत्रों में जिन परिवारों ने अपना मकान और जमीन दोनों खो दिया है और जहां दोबारा निर्माण करना संभव नहीं है, उन्हें दी जाने वाली आर्थिक मदद 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 12 लाख रुपये कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *