President: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को मिले 300 उपहारों की ई-नीलामी शुरू

President: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को प्राप्त 300 उपहारों की ई-नीलामी शुरू हो गई, ये नीलामी ‘ई-उपहार’ के तीसरे संस्करण का हिस्सा है। ये एक अनूठी पहल है, जिसके तहत राष्ट्रपति को औपचारिक मौकों पर प्राप्त उपहारों को सामाजिक कल्याण के लिए संसाधनों में बदला जाता है।

राष्ट्रपति भवन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तीसरे संस्करण में राष्ट्रपति को प्राप्त 300 प्रमाणित उपहार शामिल हैं, जो भारत की समृद्ध कलात्मक परंपराओं, हस्तशिल्प और कूटनीतिक विरासत का प्रतिनिधित्व करते हैं। नीलामी सूची में राष्ट्रपति मुर्मू को कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों और सरकार प्रमुखों, संवैधानिक पदाधिकारियों, राज्य सरकारों, मंत्रालयों, सांस्कृतिक संस्थानों और विशिष्ट हस्तियों द्वारा भेंट किए गए उपहार शामिल हैं।

अधिकारी ने बताया कि हर उपहार की पेशेवर तरीके से पहचान की गई है, उसका दस्तावेजीकरण, फोटोग्राफी और सूचीकरण किया गया है, ताकि उसकी प्रामाणिकता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।

राष्ट्रपति की परिकल्पना के अनुरूप, नीलामी से प्राप्त होने वाली 100 प्रतिशत राशि दो महत्वपूर्ण सामाजिक कल्याण पहलों पर खर्च की जाएगी, जिनमें अनुसूचित जनजाति (एसटी) और दूसरे वंचित समुदायों की स्कूली छात्राओं के लिए शैक्षिक सहायता, छात्रवृत्ति और कौशल विकास और जानलेवा बीमारियों से पीड़ित बच्चों के लिए मान्यता प्राप्त धर्मार्थ एवं चिकित्सा संस्थानों के माध्यम से उपशामक (पैलिएटिव) देखभाल, बाल कैंसर उपचार और दूसरी स्वास्थ्य सहायताएं शामिल हैं।

2024 में शुरू की गई ‘ई-उपहार’ पहल नागरिकों को एक खास मौका देती है कि वे पारदर्शी ऑनलाइन नीलामी के जरिए राष्ट्रपति को मिले खास तोहफे खरीद सकें। साथ ही सीधे तौर पर चैरिटी के कामों में योगदान भी दे सकें। ये नीलामी पांच अगस्त से पांच सितंबर, 2026 तक एक खास पोर्टल (https://upahaar.rashtrapatibhavan.gov.in) के जरिए की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *