Dehradun: राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय जूडो खिलाड़ी उन्नति शर्मा का बुधवार को उनके गृहनगर देहरादून लौटने पर जोरदार स्वागत किया गया। जूडो खिलाड़ी उन्नति ने शानदार तकनीक का प्रदर्शन करते हुए अपने पैर से दक्षिण अफ्रीका की स्काई नोएस्टर स्काई का संतुलन बिगाड़ा और फिर उन्हें पीठ के बल पटककर इप्पोन हासिल कर मुकाबला महज एक मिनट सात सेकेंड में खत्म कर कांस्य पदक जीत लिया।
देहरादून के जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पर उतरने के बाद उन्नति ने पीटीआई वीडियो से कहा, “बहुत अच्छा लग रहा है कि मेरा पूरा परिवार, मेरे कोच और मेरे स्कूल के लोग आज मुझे लेने आए हैं।” उन्होंने कहा, “अब मेरा लक्ष्य है कि चूंकि ओलंपिक क्वालिफिकेशन शुरू हो गया है, इसलिए मैं उसमें हिस्सा लूंगी और ओलंपिक के लिए अपनी जगह पक्की करूंगी।”
उन्नति के पिता विशेष शर्मा ने कहा, “मेरी बस यही इच्छा है कि अगली बार वे गोल्ड मेडल जीते और देश का नाम रोशन करे, उत्तराखंड का मान बढ़ाए, अपने कोचों को गौरवान्वित करे जिन्होंने उसे ट्रेनिंग दी और सभी को गर्व महसूस कराती रहे। हम भगवान से प्रार्थना भी करते हैं कि वे ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीते।”
उनके कोच सतीश शर्मा ने उनकी कड़ी मेहनत को ही उनके मेडल का कारण बताया। उन्होंने कहा, “जब उन्नति पहली बार हमारे पास आई थी, तो शब्दों में बयां करना मुश्किल है कि उसने कितनी मेहनत की। उसके पिता का सहयोग और कड़ी मेहनत भी उतनी ही अहम थी। वे हमेशा से ही बेहद मेहनती एथलीट रही है।” उनकी मां ममता शर्मा ने कहा, “मुझे बहुत खुशी है कि उसने पूरे उत्तराखंड और पूरे भारत का नाम रोशन किया है।”