‘Eetha’: ‘नाचते-नाचते मरी, तो मिसाल बन जाऊंगी’… श्रद्धा कपूर ने मचाया तहलका, ‘ईथा’ के टीजर ने बटोरी सुर्खियां

‘Eetha’ : शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन स्टारर कॉकटेल 2 की रिलीज के साथ ही दर्शकों को एक बड़ा सरप्राइज भी मिला। फिल्म के साथ श्रद्धा कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ईथा(Eetha) का ऑफिशियल टीजर भी सिनेमाघरों में दिखाया गया, जिसके वीडियो क्लिप्स अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

हाल ही में कई बड़ी फिल्मों के ट्रेलर चर्चा में रहे, लेकिन ईथा’ के टीजर ने आते ही लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। श्रद्धा कपूर का अब तक का सबसे अलग और दमदार अवतार देखकर फैंस हैरान हैं।

विठाबाई नारायणगांवकर के किरदार में दिखीं श्रद्धा

फिल्म में श्रद्धा कपूर दिग्गज मराठी तमाशा कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर की भूमिका निभा रही हैं। टीजर में उनका लुक, बॉडी लैंग्वेज और अभिनय बेहद प्रभावशाली नजर आता है।

टीजर की शुरुआत एक दर्दनाक दृश्य से होती है, जिसमें गर्भवती श्रद्धा पारंपरिक मराठी तमाशा मंच पर प्रसव पीड़ा से तड़पती दिखाई देती हैं। दर्द से कराहते हुए वे मंच पर ही बच्चे को जन्म देती नजर आती हैं। इसके बाद घुंघरुओं की झंकार सुनाई देती है और कहानी एक नए भावनात्मक मोड़ पर पहुंच जाती है।

टीजर का सबसे दमदार पल वह है, जब श्रद्धा की आवाज सुनाई देती है“पड़े-पड़े मरी तो बेचारी कहलाऊंगी… पर नाचते-नाचते मरी, तो मिसाल बन जाऊंगी।”इसके जवाब में एक कड़क आवाज गूंजती है— “तो बन जा मिसाल!” यह संवाद टीजर की जान बन गया है और सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है।

लावणी डांस में दिखा जुनून और जज्बा

टीजर में श्रद्धा कपूर नौवारी साड़ी, बालों में गजरा और माथे पर बड़ी बिंदी लगाए एक पारंपरिक मराठी तमाशा कलाकार के रूप में नजर आती हैं। मंच पर उनका ऊर्जावान लावणी प्रदर्शन, चेहरे पर दर्द, गुस्सा और कला के प्रति समर्पण को बखूबी दर्शाता है।

उनका यह रूप दर्शकों के लिए पूरी तरह नया है और यही वजह है कि टीजर को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है।

कब रिलीज होगी ‘ईथा’

फिल्म का निर्देशन ‘छावा’ फेम निर्देशक लक्ष्मण उटेकर ने किया है, जो संवेदनशील और प्रभावशाली कहानी कहने के लिए जाने जाते हैं। फिल्म में श्रद्धा कपूर के साथ रणदीप हुड्डा और मोहम्मद जीशान अय्यूब भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। श्रद्धा कपूर के इस चुनौतीपूर्ण और लीक से हटकर किरदार ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईथा’ 28 अगस्त को रक्षाबंधन के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है।

फिलहाल, सिर्फ एक टीजर ने ही यह संकेत दे दिया है कि ‘ईथा’ श्रद्धा कपूर के करियर की सबसे दमदार फिल्मों में से एक साबित हो सकती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *