Gold Price: राष्ट्रीय राजधानी में चांदी की कीमतों में मंगलवार को 1,500 रुपये की बढ़ोतरी हुई और यह 2.51 लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई। वैश्विक बाजारों में मजबूती के रुझान के चलते चांदी की कीमतों में भी तेजी आई, क्योंकि पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनावों ने कमोडिटी बाजार को समर्थन दिया।
सोमवार को चांदी 2,49,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। हालांकि, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत में 300 रुपये की गिरावट आई और यह 1,52,500 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर पहुंच गई।
सोमवार को सोने की कीमत 1,52,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर चांदी 1.08 प्रतिशत बढ़कर 73.51 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई, जबकि सोना मामूली रूप से बढ़कर 4,549.57 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था।
ऑगमोंट की रिसर्च हेड रेनिशा चैनानी ने कहा कि संयुक्त अरब अमीरात द्वारा मिसाइल अवरोधन सहित क्षेत्र में नए सिरे से भड़के तनाव ने चार सप्ताह के युद्धविराम प्रयासों में विश्वास को कमजोर कर दिया है, और आगे चलकर सख्त मौद्रिक नीति के कारण कच्चे तेल की कीमतों और वैश्विक बॉन्ड यील्ड में वृद्धि की उम्मीद है।