Imran Khan: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने इस्लामाबाद उच्च न्यायालय से अपील की कि लंबे समय से जारी उनकी एकांत कैद और एक आंख में संक्रमण को देखते हुए मानवीयता और अनुकंपा के आधार पर उन्हें रिहा किया जाए।
ये अपील उनके वकील सलमान सफदर ने की, जब अदालत खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी की 19 करोड़ पाउंड के भ्रष्टाचार मामले में उनकी सजा के खिलाफ दायर अपील पर सुनवाई कर रही थी।
पिछले साल जनवरी में इस्लामाबाद की एक जवाबदेही अदालत ने 73 साल के खान को नेशनल अकाउंटेबिलिटी ब्यूरो (एनएबी) की जांच वाले भ्रष्टाचार के मामले में 14 साल और बुशरा बीबी को सात साल जेल की सजा सुनाई थी।
सुनवाई के दौरान, सफदर ने अदालत से सजा निलंबित करने का अनुरोध करते हुए कहा कि मामला 16 महीने से ज्यादा समय से लंबित है और अपील में पहले ही 17 सुनवाई हो चुकी हैं। द डॉन अखबार ने ये खबर प्रकाशित की।