Heavy Rain: बदलते मौसम के बीच जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। बीते कुछ दिनों में राजौरी और पुंछ सबसे अधिक प्रभावित रहे, जहाँ भारी बारिश, अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में अब तक करीब 22 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
प्रभावित इलाकों में प्रशासन, पुलिस, सेना, SDRF और NDRF की टीमें लगातार राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। कई लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, लेकिन अनेक स्थानों पर हालात अभी भी गंभीर बने हुए हैं।
बारिश और भूस्खलन के कारण कई सड़कें बंद हो गई हैं, मकानों और दुकानों में पानी व मलबा भर गया है, जबकि कई इमारतों को भारी नुकसान पहुँचा है। श्रीनगर शहर में भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है और कई बाजारों तथा सड़कों पर पानी जमा होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। डिविजनल कमिश्नर ने कहा है कि घाटी में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन मौसम को देखते हुए सभी संबंधित एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, बडगाम में भी बाढ़ जैसी स्थिति देखने को मिली, जहाँ कई दुकानें और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जलमग्न हो गए। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जिसका शव देर रात चलाए गए रेस्क्यू अभियान के दौरान बरामद किया गया।
दूसरी ओर, श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) पर कई स्थानों पर भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाओं के चलते प्रशासन ने एहतियात के तौर पर यातायात रोक दिया है। फिलहाल मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील कर रहा है।.