Gujarat Flood: मूसलाधार बारिश से बाढ़ जैसे हालात, 4 घंटे में 21 इंच बारिश, कई सड़कें बंद

Gujarat: गुजरात के मंगरोल में शनिवार को हुई रिकॉर्ड बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए। महज 4 घंटे में करीब 21 इंच बारिश होने से शहर के कई इलाके पानी में डूब गए और सड़क संपर्क बुरी तरह प्रभावित हुआ। भारी बारिश के कारण मंगरोल से सोमनाथ, जूनागढ़, पोरबंदर और द्वारका जाने वाली सड़कों पर कमर तक पानी भर गया। इससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई।

बारिश रुके करीब 14 घंटे हो चुके हैं, लेकिन मंगरोल-केशोद रोड के कई हिस्सों में अब भी घुटनों तक पानी भरा हुआ है। करीब 24 घंटे तक यातायात बंद रहा। पानी का स्तर घटने के बाद कुछ मार्गों पर वाहनों की आवाजाही शुरू हुई है, लेकिन सोमनाथ, पोरबंदर और द्वारका जाने वाले रास्ते अभी भी बंद हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने इस इलाके में पहले कभी इतनी तेज बारिश नहीं देखी। जूनागढ़ जिले के समधियाला गांव के पास बाढ़ के पानी में फंसे कई लोगों को फायर ब्रिगेड की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की पहली तेज बारिश से बनासकांठा जिले के धानेरा इलाके में भी कई जगह जलभराव हो गया, जिससे लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हुई।

जामनगर जिले के ध्रोल क्षेत्र में लगातार बारिश से कई मुख्य सड़कें पानी में डूब गईं। जलभराव के कारण बच्चों से भरी स्कूल बसें समेत कई वाहन रास्ते में फंस गए। लोगों को कमर तक पानी में चलकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में भी लगातार बारिश से नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ गया। भानपुर गांव के 16 ग्रामीण खेतों में काम करने गए थे, लेकिन पानी बढ़ने से वापस नहीं लौट सके। सूचना मिलने पर पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) और हॉक फोर्स की टीम मौके पर पहुंची और सभी 16 ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *