Solar Eclipse: स्पेन में पहले पूर्ण सूर्यग्रहण को देखने के लिए लाखों लोग हुए इकट्ठा

Solar Eclipse: स्पेन के साफ मौसम वाले शहरों और कस्बों में लाखों लोग पूर्ण सूर्यग्रहण का सबसे अच्छा नजारा देखने के लिए जमा हुए। इस दौरान सूर्य, चंद्रमा और पृथ्वी के एक सीध में आने से धरती के कुछ हिस्सों में कुछ देर के लिए अंधेरा छा गया। लोग लॉन चेयर, छाते और टोपियां लेकर इस खगोलीय घटना का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। ये देश में एक सदी से भी ज्यादा समय के बाद होने वाला पहला पूर्ण सूर्यग्रहण था।

उत्तरी और मध्य स्पेन के एक बड़े इलाके में लाखों लोगों को उम्मीद थी कि उन्हें यूरोप में ग्रहण का सबसे अच्छा नजारा देखने को मिलेगा। अगर मौसम ने साथ दिया, तो ग्रीनलैंड और आइसलैंड के कुछ हिस्सों में भी इसे देखा जा सकता है। पूर्ण ग्रहण के दौरान चंद्रमा सूर्य की रोशनी को पूरी तरह से ढक लेता है। इसके 2.5 मिनट से भी कम समय तक रहने की उम्मीद थी और ये आइसलैंड के पश्चिमी तट पर सबसे ज्यादा देर तक रहा। सूरज डूबने से ठीक पहले —जब ये पुर्तगाल के एक छोटे से हिस्से और फिर स्पेन पहुंचा — तो पूर्ण ग्रहण का समय घटकर लगभग एक मिनट रह गया। इसके बाद ग्रहण भूमध्य सागर के ऊपर खत्म हो गया।

भीषण गर्मी और जंगल की आग को देखते हुए, स्पेन के अधिकारियों ने लोगों की सुरक्षा के लिए एक बड़ा अभियान चलाया। अधिकारियों का कहना है कि ग्रहण के कारण कम से कम 5 लाख अतिरिक्त पर्यटक आ सकते हैं। पूर्ण ग्रहण वाले रास्ते में पड़ने वाले शहरों — जैसे उत्तरी शहर ए कोरुना, बिलबाओ और सैंटियागो डी कॉम्पोस्टेला में होटल के कमरों की मांग बहुत बढ़ गई है।

पूर्वोत्तर स्पेन में रोमन काल के पहाड़ी शहर मेडिनासेली में आसमान देखने वाले लोगों ने घंटों पहले ही घास वाली जगहें घेर लीं और वहां के रेस्तरां और बार में भीड़ जमा हो गई। 24 साल के फिजिक्स के छात्र ऑस्कर पेरेज ने कहा, “ये पहली बार है जब मैं अपनी जिंदगी में स्पेन में पूर्ण ग्रहण देखूंगा।” वो इस घटना को देखने के लिए जर्मनी से स्पेन के इस मध्य शहर में आए थे। उन्होंने कहा, “मुझे नहीं पता कि अगला ग्रहण कब और कहां होगा, इसलिए इसे देखना बहुत अच्छा रहेगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *