Jammu: अगर आप गीजा के ‘ग्रेट स्फिंक्स’ को देखने के लिए मिस्र या एफिल टॉवर देखने के लिए पेरिस नहीं जा सकते, तो आप जम्मू में हाल ही में खुले ‘वेस्ट टू वंडर’ पार्क जाने के बारे में सोच सकते हैं। जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गुरुवार को ‘तवी वंडरलैंड’ पार्क का उद्घाटन किया। इस पार्क में दुनिया की 14 मशहूर जगहों की प्रतिकृतियां बनाई गई हैं।इनमें ताजमहल, व्हाइट हाउस, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी और चिनाब रेल ब्रिज शामिल हैं।
कचरे से कला का अद्भुत नमूना यह पार्क लोगों को अपनी ओर खींच रहा है। लोग यहां सेल्फी ले रहे हैं और दुनिया की कुछ मशहूर जगहों की प्रतिकृतियों के दीदार कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि यह पार्क उन परिवारों को मशहूर जगहों की हूबहू प्रतिकृतियां देखने का मौका देता है जो विदेश यात्रा का खर्च नहीं उठा सकते और शायद असल में उन जगहों पर कभी नहीं जा पाते।
दो साल पहले तक कचरा फेंकने की जगह के तौर पर इस्तेमाल होने वाली जमीन पर बने इस पार्क में बच्चों के खेलने की जगह, पैडल बोट के साथ एक छोटी झील और खाने-पीने के स्टॉल भी हैं।